प्रज्ञानंद ने रचा इतिहास, ग्रैंड चेस टूर का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बने

प्रज्ञानंद ने रचा इतिहास, ग्रैंड चेस टूर का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बने
रमेशबाबू प्रज्ञानंद ने इतिहास रच दिया है। वह ग्रैंड चेस टूर का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने अमेरिका के सेंट लुइस में हुए फाइनल में फैबियानो कारुआना को 15-13 से हराया।

नई दिल्ली, 28 अगस्त (आईएएनएस)। रमेशबाबू प्रज्ञानंद ने इतिहास रच दिया है। वह ग्रैंड चेस टूर का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने अमेरिका के सेंट लुइस में हुए फाइनल में फैबियानो कारुआना को 15-13 से हराया।

प्रज्ञानंद के लिए यह नतीजा खास रहा, क्योंकि फाइनल मुकाबले में शुरुआती बढ़त गंवाने के बावजूद उन्होंने शानदार वापसी की। इस टूर्नामेंट में खिलाड़ियों की क्लासिकल, रैपिड और ब्लिट्ज, तीनों तरह की शतरंज में क्षमता की परीक्षा ली जाती है।अडानी ग्रुप द्वारा समर्थित इस भारतीय स्टार ने क्लासिकल चेस में 3-9 से हारने के बाद रैपिड सेक्शन में वापसी की और इसे 8-0 से जीता। इसके बाद ब्लिट्ज वर्शन में मुकाबला 4-4 से बराबरी पर छूटा, जिससे वह कुल 15-13 के स्कोर के साथ खिताब जीतने में सफल रहे।

इस इवेंट में हर जीत पर छह प्वाइंट मिलते हैं, क्लासिकल में ड्रॉ पर तीन प्वाइंट मिलते हैं, जबकि रैपिड चेस में जीत पर चार प्वाइंट और ड्रॉ पर दो प्वाइंट मिलते हैं। ब्लिट्ज में हर जीत पर दो प्वाइंट और ड्रॉ पर एक प्वाइंट मिलता है। अमेरिका के ही वेस्ली सो ने तीसरे स्थान के लिए हुए प्लेऑफ में जर्मनी के विंसेंट कीमर को हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।

टॉप स्थान और फाइनल में जीत से प्रज्ञानंद को 2 लाख डॉलर (लगभग 1.90 करोड़ रुपये) मिले, जबकि कारुआना को दूसरे स्थान पर रहने के लिए 1 लाख 25 हजार डॉलर मिले। वेस्ली सो को तीसरे स्थान के लिए 75 हजार डॉलर मिले, जबकि विंसेंट कीमर ने चौथे स्थान पर रहने के लिए 50 हजार डॉलर हासिल किए।

21 वर्षीय प्रज्ञानंद ने पहले सेमीफाइनल में कीमर को 19-9 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी, जबकि कारुआना ने दूसरे सेमीफाइनल में वेस्ली सो को 18-12 से हराया था। प्रज्ञानंद 2018 में सिर्फ 13 साल की उम्र में ग्रैंडमास्टर बने थे। उनकी मौजूदा रेटिंग 2750 है और अगस्त 2026 की ताजा फिडे क्लासिकल रैंकिंग में वह दुनिया के 12वें नंबर के खिलाड़ी हैं।

प्रज्ञानंद ने ग्रैंड चेस टूर 2026 सीजन में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। इस सीजन का ग्रैंड फिनाले 21 से 28 अगस्त के बीच सेंट लुइस चेस क्लब में खेला गया था। चेन्नई के 21 वर्षीय प्रज्ञानंद रेगुलर सीजन के बाद टॉप-4 खिलाड़ियों में शामिल रहे, जिसके कारण उन्हें ग्रैंड चेस टूर खिताब के लिए आयोजित नॉकआउट टूर्नामेंट में खेलने का मौका मिला।

नॉकआउट टूर्नामेंट में प्रज्ञानंद को नंबर-1 सीड मिली थी। उनके अलावा वेस्ली सो दूसरे, फैबियानो कारुआना तीसरे और विंसेंट कीमर चौथे सीड थे। इस प्रतियोगिता में शीर्ष तीन स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों को 2027 ग्रैंड चेस टूर में खेलने का सीधा आमंत्रण भी मिला।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   28 Aug 2026 12:28 PM IST

Tags

Next Story