सरकारी भर्ती में बड़े पैमाने पर नकल और गड़बड़ी करने वालों के साथ कर्नाटक सरकार की मिलीभगतः प्रह्लाद जोशी
हुबली, 28 अगस्त (आईएएनएस)। कर्नाटक के हुबली में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा आयोजित रक्षाबंधन उत्सव मनाया गया, जिसमें केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी शामिल हुए। इस दौरान केंद्रीय शिक्ष मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा।
कर्नाटक कैडर के 2016 बैच के आईएएस अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार के लापता होने पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा, "सरकारी भर्ती में बड़े पैमाने पर नकल और गड़बड़ी करने वालों के साथ सरकार की मिलीभगत है। सरकार इस पूरे घोटाले की भागीदार है। इसीलिए, कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में एक आईएएस अधिकारी लापता हो जाता है और उसके फरार होने की खबर आती है लेकिन सरकार यह भी नहीं बता पाती कि वह कहां है। इसका मतलब है कि पूरी सरकारी मशीनरी इस साजिश में शामिल है।
प्रह्लाद जोशी ने कहा, "अगर बड़े पैमाने पर नकल और पूरे केपीएससी घोटाले में शामिल इस आईएएस अधिकारी का पता चल जाता है और ईडी या सीआईडी उनको हिरासत में ले लेती है तो सरकार का पूरा कांड बाहर आ जाएगा। सरकार में जो लोग हैं, वह पकड़े जाएंगे। यही कारण है कि आईएएस अधिकारी को सरकार ने भगा दिया है। सरकार ने अपने संरक्षण में आईएएस अधिकारी को रखा है। अगर कांग्रेस सरकार इस भर्ती घोटाले में शामिल नहीं है तो अधिकारी को जांच एजेंसियों के सामने पेश करे। कांग्रेस सरकार में पूरी तरह अस्थिरता का दौर चल रहे है। हर कांग्रेस विधायक को लग रहा है कि मंत्री पद उसको मिले, क्योंकि उनको पता है कि आने वाले दिनों में कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार नहीं बनेगी।"
केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट में कहा, "राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हुबली महानगर द्वारा आयोजित रक्षाबंधन उत्सव में शामिल हुआ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ रक्षाबंधन का त्योहार सुरक्षा का दायित्व उठाने और राष्ट्र की रक्षा के कार्य में जुटने के संकल्प के साथ मनाता है। भाईचारे, आत्मीयता और सामाजिक समरसता का प्रतीक रक्षाबंधन हम सभी के बीच के रिश्तों को और मजबूत करे। यह त्योहार राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और आपसी सहयोग के संकल्प के साथ सार्थक रूप से मनाया गया। रक्षाबंधन उत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मनोहर बकाले और मुख्य वक्ता रामचंद्र एडके के साथ-साथ आरएसएस के नेता, स्वयंसेवक और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 Aug 2026 12:28 PM IST












