पंजाब कांग्रेस में कोई विवाद नहीं, भाजपा और आप फैला रहे भ्रम सुरेंद्र राजपूत

पंजाब कांग्रेस में कोई विवाद नहीं, भाजपा और आप फैला रहे भ्रम  सुरेंद्र राजपूत
कांग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत ने पंजाब कांग्रेस की अंदरूनी लड़ाई, सैफुद्दीन सोज की टिप्पणी सहित कई अन्य मामलों पर प्रतिक्रिया दी है। दरअसल सोज ने कहा था कि नेशनल कॉन्फ्रेंस को जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग के साथ-साथ अनुच्छेद 370 की बहाली की मांग भी प्रमुखता से उठानी चाहिए।

लखनऊ, 16 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत ने पंजाब कांग्रेस की अंदरूनी लड़ाई, सैफुद्दीन सोज की टिप्पणी सहित कई अन्य मामलों पर प्रतिक्रिया दी है। दरअसल सोज ने कहा था कि नेशनल कॉन्फ्रेंस को जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग के साथ-साथ अनुच्छेद 370 की बहाली की मांग भी प्रमुखता से उठानी चाहिए।

आईएएनएस से बातचीत करते हुए सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि पंजाब कांग्रेस में कोई विवाद नहीं है और पूरी पंजाब की कांग्रेस एकजुट है। छोटे-मोटे आंतरिक मतभेद संवाद के माध्यम से हल हो जाएंगे। कांग्रेस आम आदमी पार्टी और भाजपा की साजिशों का पर्दाफाश करेगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब को बर्बाद करके रख दिया है। जनता में मुद्दा यह है कि पंजाब के आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्यों को भाजपा खरीद रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राजा बरार, सुखजिंदर सिंह रंधावा, चरण जीत सिंह चन्नी और चाहे प्रताप सिंह बाजवा हों, सभी नेता एक हैं और पूरी तरह से पंजाब में सरकार लाने के लिए कृत संकल्पित हैं।

सैफुद्दीन सोज के बयान पर सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि किसी भी व्यक्ति की ओर से कोई बयान दिया गया है तो उसको लेकर राहुल गांधी को जोड़ देना, यह भाजपा का मानसिक दिवालियापन दिखाता है। अनुच्छेद 370 का मामला कोर्ट में है और कोर्ट जो भी फैसला करेगा, वह सबको मंजूर होगा।

एनसीपी (एसपी) को लेकर उन्होंने कहा कि शरद पवार और सुप्रिया सुले के खिलाफ भाजपा साजिश कर रही है। जब भी शरद पवार जन मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री से मिलते हैं तो भाजपा का इकोसिस्टम अफवाहें फैलाकर उनकी मानहानि करने की कोशिश करता है। सुप्रिया सुले से मैं मांग करता हूं कि ऐसे लोगों के खिलाफ उनको कठोरता से कार्रवाई करनी चाहिए। एनसीपी (एसपी) 'इंडिया गठबंधन' का मजबूत हिस्सा हैं।

मौलाना जर्जिस के विवादित बयान पर सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि मूर्खों की बात पर कोई टीका टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। इस तरह के मौलाना माहौल को विषाक्त करने की कोशिश करते हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कठोरता से कार्रवाई होनी चाहिए।

सतीश महाना के बयान पर उन्होंने कहा कि उनका बयान बेहद निर्लज्जतापूर्ण है। उन्होंने करोड़ों रामभक्तों की आस्था को आघात पहुंचाया है। उनसे मैं एक बात पूछना चाहता हूं कि जब से वे विधानसभा अध्यक्ष बने हैं, तब से विधानसभा लगातार कितनी बार रेनोवेट हुई है? क्या किसी चंदे के लिए हो रही है? रामभक्तों की आस्था पर प्रश्नचिन्ह लगाकर वे पाप के भागी हुए हैं।

बांकीपुर उपचुनाव से पहले जनसुराज के कई नेताओं के भाजपा में शामिल होने को लेकर सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि लोगों की पार्टियों को तोड़ना भाजपा का पुराना सगल है। जनसुराज पार्टी तो वैसे भी भारतीय जनता पार्टी की बी टीम है। वहां के उपचुनाव में प्रतिपक्ष की जीत होगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 July 2026 2:38 PM IST

Tags

Next Story