पंजाब पुलिस को मिली बड़ी सफलता बंबीहा गैंग के दो बदमाश गिरफ्तार, हथियारों का जखीरा बरामद

पंजाब पुलिस को मिली बड़ी सफलता बंबीहा गैंग के दो बदमाश गिरफ्तार, हथियारों का जखीरा बरामद
पंजाब पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात गैंगस्टर लकी पाटियाल के बंबीहा गैंग से जुड़े दो अहम साथियों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब ने हरियाणा की स्पेशल टास्क फोर्स (करनाल यूनिट) के साथ संयुक्त अभियान चलाकर राजन उर्फ पियूष पहलवान और प्रीतम शाह को दबोचा है।

चंडीगढ़, 19 मार्च (आईएएनएस)। पंजाब पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात गैंगस्टर लकी पाटियाल के बंबीहा गैंग से जुड़े दो अहम साथियों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब ने हरियाणा की स्पेशल टास्क फोर्स (करनाल यूनिट) के साथ संयुक्त अभियान चलाकर राजन उर्फ पियूष पहलवान और प्रीतम शाह को दबोचा है।

गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी बुधवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-9 में हुए चर्चित हत्या कांड में शामिल थे, जिसमें चरणप्रीत सिंह उर्फ चिन्नी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही पुलिस इनकी तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि राजन उर्फ पियूष पहलवान एक अन्य हाई-प्रोफाइल हत्या मामले में भी वांछित था। वह जीवनजोत सिंह उर्फ जुगनू के ड्राइवर यादविंदर सिंह की हत्या में भी शामिल रहा है। डीजीपी ने बताया कि एजीटीएफ पंजाब ने महज 30 घंटे के भीतर पूरे मॉड्यूल का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जो पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई को दर्शाता है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन अवैध हथियार, पीएक्स5 .30 बोर पिस्टल, .30 बोर की चाइनीज पिस्टल और .32 बोर पिस्टल सहित अन्य हथियारों का जखीरा बरामद किया है। पंजाब पुलिस ने यह स्पष्ट किया है कि राज्य में गैंगस्टर नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और प्रदेश में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।

इसी तरह, एक अन्य कार्रवाई की जानकारी देते हुए डीजीपी ने बताया कि अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 6 आरोपियों (जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है) को पकड़ा है और और 7 अत्याधुनिक पिस्तौलें बरामद की हैं। शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी पुर्तगाल से काम कर रहे एक विदेशी हैंडलर के संपर्क में थे, जो पाकिस्तान से अवैध हथियारों की तस्करी में मदद कर रहा था। हथियारों की यह खेप आगे चलकर आपराधिक तत्वों को बांट दी जाती थी।

इस संबंध में एफआईआर दर्ज की गई है। इस मामले में आगे और पीछे के संपर्कों का पता लगाने और पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए आगे की जांच जारी है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   19 March 2026 5:33 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story