पारिवारिक कारणों से ट्रेनिंग कैंप छोड़कर घर वापस लौटीं इंग्लैंड की कप्तान साइवर-ब्रंट
प्रिटोरिया, 19 मार्च (आईएएनएस)। इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट पारिवारिक कारणों की वजह से इंट्रा-स्क्वाड ट्रेनिंग सीरीज छोड़कर घर लौट आई हैं। साइवर-ब्रंट के इस दौरे के शेष मुकाबलों में खेलने की उम्मीद नहीं है।
इस दौरे को 12 जून से 5 जुलाई तक इंग्लैंड में होने वाले आगामी आईसीसी विमेंस टी20 विश्व कप 2026 के लिए एक अहम अभ्यास माना जा रहा था। महिला टी20 विश्व कप में इंग्लैंड को एक मुश्किल ग्रुप में रखा गया है। ग्रुप-2 में उनका मुकाबला वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड, श्रीलंका और आयरलैंड से होगा।
इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड की ओर से जारी बयान में कहा गया, "नैट साइवर-ब्रंट पारिवारिक कारणों के चलते साउथ अफ्रीका से घर लौट आई हैं। उम्मीद है कि वह इस दौरे में आगे कोई हिस्सा नहीं लेंगी।"
इंग्लैंड ने मूल रूप से मार्च की शुरुआत में टीम को यूएई भेजने की योजना बनाई थी। हालांकि, ईरान पर अमेरिका-इजरायल के हवाई हमलों और उसके बाद खाड़ी क्षेत्र में ईरान के जवाबी हमलों के कारण क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति बिगड़ने के बाद यह यात्रा रद्द कर दी गई थी।
इसके बाद इंग्लैंड महिला टीम एक लंबे ट्रेनिंग प्रोग्राम और 10 मार्च से 27 मार्च तक चलने वाली पांच मुकाबलों की इंट्रा-स्क्वाड टी20 सीरीज के लिए प्रिटोरिया गई। इंग्लैंड ने अक्टूबर के बाद से कोई भी प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेला है और इस सर्दियों में उसके कोई अंतरराष्ट्रीय मैच भी निर्धारित नहीं हैं। इस कैंप के लिए, खिलाड़ियों को दो टीमों में बांटा गया था जो टी20 सीरीज में एक-दूसरे के खिलाफ खेल रही थीं।
इंग्लैंड की महान खिलाड़ी राचेल हेहो फ्लिंट के नाम पर रखी गई 'टीम हेहो फ्लिंट' की कप्तानी इंग्लैंड की उप-कप्तान चार्ली डीन कर रही हैं। इस टीम में पूर्व कप्तान हीथर नाइट और प्रमुख स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन जैसी अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं। इंग्लैंड के सहायक कोच ल्यूक विलियम्स इस टीम का मार्गदर्शन करेंगे।
साइवर-ब्रंट इंग्लैंड की दिग्गज खिलाड़ी कैरोल हॉजेस ब्रिटिन के नाम पर रखी गई 'टीम ब्रिटिन' की अगुवाई कप्तानी कर रही थीं, लेकिन वह बीच में ही अपनी टीम छोड़कर वापस घर लौट गईं। ऐसे में टीम के कोच और डरहम के पूर्व बल्लेबाज जॉन लुईस को इंट्रा-स्क्वाड के शेष मुकाबलों के लिए एक नया कप्तान तलाशना होगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 March 2026 5:48 PM IST












