पंजाब विकास के रास्ते पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है सीएम भगवंत मान
मोगा, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को मोगा में विभिन्न विभागों की विकास परियोजनाओं के उद्घाटन समारोह में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार आम आदमी की भलाई और विकास के लिए लगातार फैसले ले रही है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि आज मोगा जिले में विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शिरकत की। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों की उमड़ी भीड़ इस बात का प्रमाण है कि जनता अब ईमानदार और साफ नीयत वाली राजनीति के साथ मजबूती से खड़ी है।
उन्होंने कहा कि सरकार आम आदमी की भलाई और विकास के लिए लगातार फैसले ले रही है। 47 किलोमीटर से अधिक लंबी सड़कों के अपग्रेड से लेकर शहर के सौंदर्यीकरण के लिए करोड़ों के प्रोजेक्ट और बिजली सप्लाई को और मजबूत बनाने के लिए बड़े प्रोजेक्ट शुरू किए जा रहे हैं। पंजाब विकास के रास्ते पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है। हर गांव और हर शहर को जोड़ने वाला यह विकास मॉडल ही हमारी असली ताकत है। राज्य को पूरी दुनिया में नंबर एक बनाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि पंजाब को नशे के दलदल में धकेलने वाले स्वयं आज राजनीतिक गुमनामी के अंधकार में डूबे हुए हैं। जिस दिन उन्होंने धर्म का सहारा लेने की कोशिश की, उसी दिन उनका अंत निश्चित हो गया। जनता ने उन लोगों को नकार दिया है जो दिल से झूठ बोलते हैं।
इससे पहले शुक्रवार को सीएम मान ने चंडीगढ़ में विभिन्न विभागों की पिछले चार वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धियों और जनकल्याण के लिए किए गए कार्यों पर मीडिया से विस्तार से बातचीत की।
सीएम मान ने एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि सरकार द्वारा लगातार जनता के हित में फैसले लिए जा रहे हैं। रोजगार क्रांति के तहत बिना कैश या सिफारिश के 65,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गईं। डिजिटल पंजाब बनाने के लिए 8.2 करोड़ से अधिक सरकारी सेवाएं लोगों तक पहुंचाई गई हैं। 'सरकार आपके द्वार' के माध्यम से अब लोग 430 से अधिक सेवाएं अपने घरों में ही प्राप्त कर रहे हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की गई है। आसान पंजीकरण, आसान जमाबंदी और डिजिटल आरटीओ सेवाओं के जरिए लोगों की परेशानियों को खत्म करते हुए सिस्टम को पारदर्शी बनाया है। पंजाब के सर्वांगीण विकास, कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जन-केंद्रित नीतियों को लागू करने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 April 2026 5:06 PM IST











