राघव चड्ढा ने पंजाब की जनता और आम आदमी पार्टी को दिया धोखा हरपाल सिंह चीमा

राघव चड्ढा ने पंजाब की जनता और आम आदमी पार्टी को दिया धोखा  हरपाल सिंह चीमा
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को डिप्टी लीडर के पद से हटाए जाने पर पंजाब के मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा पर निशाना साधा।

चंडीगढ़, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को डिप्टी लीडर के पद से हटाए जाने पर पंजाब के मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा पर निशाना साधा।

पंजाब के मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "जब भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी को निशाना बनाया, तब राघव चड्ढा ने कभी भी पार्टी का समर्थन नहीं किया। सभी जानते हैं कि भाजपा ने हमारे पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल के खिलाफ झूठा केस गढ़ा था। इसके बावजूद राघव चड्ढा विदेश चले गए। पंजाब के लिए लोगों ने राघव को राज्यसभा के लिए चुना था लेकिन उन्होंने संसद में जीएसटी राजस्व घाटे या पंजाब को हुए वित्तीय नुकसान से संबंधित एक भी मुद्दा नहीं उठाया। जब पंजाब में बाढ़ आई और प्रधानमंत्री मोदी समेत भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने दौरा किया और वित्तीय सहायता की घोषणा की, तब भी पंजाब सरकार के खजाने में एक भी रुपया नहीं पहुंचा। यहां तक ​​कि जब हमने उनसे प्रधानमंत्री के समक्ष यह मुद्दा उठाने का आग्रह किया, तब भी वे चुप रहे।"

चीमा ने कहा, "पंजाब के लोगों और आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा को सम्मान दिया लेकिन उन्होंने धोखा दिया। ये बर्दाश्त नहीं होगा क्योंकि पंजाब जब भीषण बाढ़ से जूझ रहा था, तभी उन्होंने संसद में ये मुद्दा उठाने से गुरेज किया। इससे साफ पता चलता है कि वह आम आदमी पार्टी की नीतियों के साथ नहीं थे, वो किसी और पार्टी की नीति से सहमत थे।"

हरपाल सिंह चीमा ने कहा, "देश की संसद में राघव चड्ढा की छवि पूरी तरह से खराब हो गई थी। उन्हें सीधे प्रधानमंत्री से बात करनी चाहिए थी और पंजाब के लोगों की चिंताओं को उठाना चाहिए था, जिनमें पंजाब के आरडीएफ फंड से जुड़े मुद्दे भी शामिल थे। पूरा देश जानता है कि भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब और उसकी जनता को धोखा दिया है। कम से कम राघव चड्ढा को इस धोखे के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए थी। वह देश की पार्लियामेंट में कंप्रोमाइज थे।"

पंजाब के मंत्री ने कहा, "हमारी माताओं और बहनों को सम्मानित करने वाली 1,000 और 1,500 रुपए की योजना की अधिसूचना जारी हो चुकी है। इसकी घोषणा पहले ही हो चुकी है, बजट आवंटित हो चुका है और इसका कार्यान्वयन शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री जल्द ही इसका औपचारिक उद्घाटन करेंगे।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   4 April 2026 2:36 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story