'राहुल गांधी के राजनीति करने का तरीका अभी अपरिपक्व', कंगना रनौत के बचाव में आए बिहार भाजपा के नेता

राहुल गांधी के राजनीति करने का तरीका अभी अपरिपक्व, कंगना रनौत के बचाव में आए बिहार भाजपा के नेता
बिहार भाजपा के नेताओं ने पार्टी सांसद कंगना रनौत का बचाव करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के राजनीति करने का तरीका अपरिपक्व और लापरवाह है। महिलाएं उनके नेतृत्व में असहज महसूस करती हैं।

नई दिल्ली/पटना, 19 मार्च (आईएएनएस)। बिहार भाजपा के नेताओं ने पार्टी सांसद कंगना रनौत का बचाव करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के राजनीति करने का तरीका अपरिपक्व और लापरवाह है। महिलाएं उनके नेतृत्व में असहज महसूस करती हैं।

बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "राहुल गांधी के वक्तव्य जो आते हैं, चाहे वह लोकसभा के अंदर हों या बाहर, उनका बातों में गंभीरता नहीं झलकती है। कांग्रेस देश की मुख्य विपक्षी पार्टी है और राहुल गांधी उसके नेता हैं। उनकी बातों में गंभीरता नहीं झलकती है। उनका आचरण भी नेता प्रतिपक्ष जैसा नहीं है।"

उन्होंने कहा कि मिडिल ईस्ट में चल रही लड़ाई में दर्जनभर देश शामिल हैं, तब भी उनका (राहुल गांधी) बयान देशहित में नहीं आता है। वे भाजपा का विरोध करते-करते देश का विरोध करने लगते हैं। उनका अमर्यादित वक्तव्य या आचरण होता है, वह बिल्कुल भी देशहित में नहीं है। इसलिए आज कांग्रेस में भगदड़ की स्थिति है, चाहे वह राज्यसभा के चुनाव हों या असम और अन्य राज्यों में विधानसभा चुनाव। राज्यसभा चुनावों में कांग्रेस विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की। कुछ जगह उनके विधायक अनुपस्थित थे।

संजय सरावगी ने यह भी कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी अपने नेताओं व विधायकों को संभाल कर नहीं रख सकते हैं। ये सब उनके खुद के आचरण के कारण हो रहा है।

मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा, "राहुल गांधी के बारे में यह कहा गया है कि वे अभी भी परिपक्व नहीं हैं। उनके राजनीति करने का तरीका अपरिपक्व और लापरवाह माना जाता है। यही कारण है कि कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और महिलाएं उनके नेतृत्व में असहज महसूस करती हैं।"

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी खुद अपनी पार्टी का धीरे-धीरे धरातल समाप्त करते जा रहे हैं।

इससे पहले, भाजपा सांसद कंगना रनौत ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के व्यवहार को लेकर प्रश्न खड़े किए थे। कंगना रनौत ने कहा, "हम महिलाओं को बहुत ज्यादा देखकर असहज महसूस होता है। क्योंकि एकदम जैसे 'टपोरी' की तरह वो आते हैं और किसी को भी 'ये तू ऐसे करके, तू तड़ाक कर' कहते हैं। कोई इंटरव्यू दे रहा हो तो उसे शूटिंग कॉल देते हैं।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   19 March 2026 1:52 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story