राम मंदिर चंदा चोरी मामले में सुप्रीम कोर्ट के जज की निगरानी में जांच हो उज्ज्वल रमण सिंह
पटना, 11 जुलाई (आईएएनएस)। राम मंदिर चंदा चोरी मामले की जांच को लेकर कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केवल सीबीआई जांच या एसआईटी का गठन कर देने से सच्चाई सामने नहीं आएगी। ऐसी जांच एजेंसियों पर लोगों का भरोसा कमजोर हुआ है और मामले की निष्पक्ष जांच केवल सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग न्यायाधीश की निगरानी में ही संभव है।
उज्ज्वल रमण सिंह ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि सीबीआई जांच हो या जांट के लिए एसआईटी बनाई जाए, ये सब मामले की लीपापोती हैं। इन जांचों से कुछ निकलने वाला नहीं है। आप देखिए कि सीबीआई ने जितनी जांचें की हैं, उनमें आज तक क्या निकला? अगर किसी को बचाना है तो मामला इन संस्थाओं को दे दीजिए, ये बचाकर आपको दे देंगी। इस मामले के जिन लोगों की भूमिका पर सवाल उठाए जा रहे हैं, उनके खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। चंपत राय बंसल, अनिल मिश्रा, गोविंद देव गिरी सहित अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए थी और कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए थी। यदि ऐसा होता तो लोगों का जांच प्रक्रिया पर विश्वास मजबूत होता।
उन्होंने कहा कि वर्तमान स्थिति में जनता का भरोसा न तो एसआईटी पर है और न ही सीबीआई पर। यदि मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के किसी वर्तमान न्यायाधीश की निगरानी में निष्पक्ष तरीके से कराई जाए, तभी लोगों को उम्मीद की किरण दिखाई दे सकती है। उज्ज्वल रमण सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की कि संबंधित ट्रस्टियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए और उपलब्ध साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जाए। उन्होंने आशंका जताई कि लोगों के बीच यह संशय है कि जांच के दौरान सबूतों के साथ छेड़छाड़ हो सकती है। लोगों के मन में यह भ्रम और संशय है कि एसआईटी सबूतों के साथ खिलवाड़ कर रही है।
कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि सरकार मामले की निष्पक्ष जांच कराने के बजाय उसे दबाने और लीपापोती करने का प्रयास कर रही है। यदि सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में जांच नहीं कराई गई, तो इस मामले से जुड़े तथ्यों का सामने आना मुश्किल होगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 July 2026 9:16 PM IST












