रांची हटिया स्टेशन पर मानव तस्कर के कब्जे से तीन नाबालिग मुक्त, आरोपी गिरफ्तार

रांची हटिया स्टेशन पर मानव तस्कर के कब्जे से तीन नाबालिग मुक्त, आरोपी गिरफ्तार
रेलवे सुरक्षा बल ने रांची के हटिया रेलवे स्टेशन पर तीन नाबालिग बच्चों को मानव तस्कर के चंगुल से मुक्त कराया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

रांची, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। रेलवे सुरक्षा बल ने रांची के हटिया रेलवे स्टेशन पर तीन नाबालिग बच्चों को मानव तस्कर के चंगुल से मुक्त कराया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

आरपीएफ की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, हटिया स्टेशन के मुख्य द्वार पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक के साथ तीन बच्चों को देखा।

पूछताछ में पता चला कि पश्चिम बंगाल का पुरुलिया निवासी 27 वर्षीय नयन कुमार इन बच्चों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेंगलुरु ले जा रहा था। ये सभी ट्रेन संख्या 18367 से रवाना होने वाले थे।

बच्चों ने बताया कि वे आरोपी को पहले से नहीं जानते थे, लेकिन गांव के अन्य बच्चों को भी इसी तरह काम के बहाने बाहर ले जाया गया है। गिरफ्तार आरोपी नयन कुमार ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि वह बेंगलुरु के कंस्ट्रक्शन साइट्स पर मजदूर सप्लाई करता है और इसके बदले उसे हर मजदूर पर 300 से 400 रुपये का मासिक कमीशन मिलता है।

आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि वह हरिहर कुमार नामक व्यक्ति के इशारे पर काम करता है, जो गरीब परिवारों को पैसों का लालच देकर बच्चों को भेजने के लिए तैयार करता है। जांच में पता चला कि घटना के दिन ही आरोपी के फोनपे पर 25,000 रुपये भेजे गए थे।

पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन, बच्चों के पहचान पत्र (आधार कार्ड की प्रतियां) और रेलवे टिकट जब्त किए हैं। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी नयन कुमार को आगे की कार्रवाई के लिए एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) कोतवाली, रांची को सौंप दिया गया है।

वहीं, रेस्क्यू किए गए तीनों बच्चों को सुरक्षित 'बालाश्रय' रांची भेज दिया गया है। मंडल सुरक्षा आयुक्त पवन कुमार के निर्देश पर चलाए गए इस सफल अभियान में हटिया पोस्ट कमांडर, महिला सेल रांची की निरीक्षक कुजूर, एसआई दीपक कुमार, उज्ज्वल कुमार, सुनीता तिर्की सहित पी. पान, एम. बिस्वास, एस. पी. टोप्पो और मोहिनी साहू समेत अन्य जवानों का सराहनीय योगदान रहा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 April 2026 7:37 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story