रांची में सीआरपीएफ जवान ने सर्विस राइफल से खुद को गोली मारी, मौत

रांची में सीआरपीएफ जवान ने सर्विस राइफल से खुद को गोली मारी, मौत
रांची के तिरिल स्थित सीआरपीएफ मुख्यालय में रविवार को एक जवान ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक जवान की पहचान पलामू जिले के हुसैनाबाद अनुमंडल के हैदरनगर थाना क्षेत्र स्थित इमलियाटीकर गांव निवासी भुनेश्वर पाल के रूप में हुई है।

रांची, 27 सितंबर (आईएएनएस)। रांची के तिरिल स्थित सीआरपीएफ मुख्यालय में रविवार को एक जवान ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक जवान की पहचान पलामू जिले के हुसैनाबाद अनुमंडल के हैदरनगर थाना क्षेत्र स्थित इमलियाटीकर गांव निवासी भुनेश्वर पाल के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, भुनेश्वर पाल तिरिल स्थित सीआरपीएफ मुख्यालय में तैनात थे। ड्यूटी के दौरान उन्होंने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर सीआरपीएफ परिसर में अफरा-तफरी मच गई। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण जवान ने तुरंत दम तोड़ दिया। सहकर्मियों ने तत्काल इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों और विधानसभा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

पुलिस ने घटनास्थल से दो इस्तेमाल किए गए कारतूस के खोखे बरामद किए हैं। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए फोरेंसिक साइंस लैब की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की जांच कर फिंगरप्रिंट समेत अन्य तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में जवान द्वारा खुद को गोली मारने की बात सामने आई है। हालांकि, उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।

सहकर्मियों से मिली प्रारंभिक जानकारी के आधार पर बताया जा रहा है कि भुनेश्वर पाल पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थे। जवान के सहकर्मियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले जवान की किसी से बातचीत हुई थी या उसके सामने कोई व्यक्तिगत या पारिवारिक परेशानी थी।

घटना की सूचना जवान के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और परिजनों एवं सहकर्मियों के बयान के आधार पर घटना के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

--आईएएनएस

एसएनसी/पीएम

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   27 Sept 2026 4:31 PM IST

Tags

Next Story