रांची में प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़े पैमाने पर तस्करी का खुलासा, तीन गिरफ्तार
रांची, 21 अगस्त (आईएएनएस)। रांची पुलिस ने नशीले मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से प्रतिबंधित कफ सिरप की 570 बोतलें और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी कफ सिरप को ऊंचे दाम पर रांची के अलग-अलग इलाकों में बेचते थे। पुलिस के मुताबिक, 20 अगस्त को वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि रातू थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित हाजी चौक के पास कुछ लोगों द्वारा प्रतिबंधित कफ सिरप की अवैध खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक अजय आर्यन के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर रातू थाना क्षेत्र के फुटकल टोली, बोस नगर स्थित केयरिंग हैंड्स अस्पताल के पास एक सुनसान स्थान पर छापेमारी की।
पुलिस के अनुसार, मौके पर तीन संदिग्ध पांच कार्टून में रखे कफ सिरप की डिलीवरी देने के लिए मौजूद थे। पुलिस ने तीनों को घेरकर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पांच कार्टून से 100 मिलीलीटर की कुल 570 बोतल विंग्स ओनेरेक्स कोडीन कफ सिरप बरामद की गई। पुलिस ने तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के जिपुवा मुरपा निवासी वहाजुल अंसारी, रांची के रातू थाना क्षेत्र के हाजी चौक सिमलिया निवासी शहनवाज अंसारी और रातू थाना क्षेत्र के फुटकल टोली, सिमलिया निवासी नईम अंसारी के रूप में हुई है।
नईम अंसारी का स्थायी पता खूंटी जिले के मेलाटांड़ का बताया गया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने रांची के विभिन्न इलाकों में प्रतिबंधित कफ सिरप को ऊंचे दाम पर अवैध रूप से बेचने की बात बताई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और कफ सिरप की आपूर्ति के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। छापामारी दल में पुलिस उपाधीक्षक अजय आर्यन के अलावा दलादली टीओपी, ठाकुरगांव थाना, पुंदाग ओपी और रातू थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
--आईएएनएस
एसएनसी/एमएस
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 Aug 2026 6:40 PM IST












