तेलंगाना के विकास पर राजनीति न हो, सीएम रेवंत रेड्डी का अमेरिका दौरा जल्द हो बहाल वी. हनुमंत राव
हैदराबाद, 21 अगस्त (आईएएनएस)। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी का प्रस्तावित अमेरिका दौरा रद्द होने पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वी. हनुमंत राव ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ मुख्यमंत्री का दौरा नहीं था, बल्कि तेलंगाना में निवेश, उद्योग और रोजगार लाने की एक महत्वपूर्ण पहल थी। उन्होंने केंद्र सरकार और भाजपा सांसदों से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की।
आईएएनएस से बातचीत में वी. हनुमंत राव ने कहा कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और उद्योग मंत्री डी. श्रीधर बाबू लंदन से अमेरिका जाने वाले थे, लेकिन अमेरिकी सरकार ने उनका वीजा मंजूर नहीं किया, जिसके कारण दौरा रद्द हो गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री 23 अगस्त को वापस लौट रहे हैं, लेकिन यह फैसला समझ से परे है।
हनुमंत राव ने कहा कि रेवंत रेड्डी इससे पहले कई देशों का दौरा कर चुके हैं और उन यात्राओं के जरिए तेलंगाना में अनेक उद्योग आए हैं। राज्य सरकार तेलंगाना को देश का नंबर वन राज्य बनाने की दिशा में काम कर रही है। स्पोर्ट्स सिटी जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं और राज्य का माहौल निवेश के लिए अनुकूल है। ऐसे समय में अमेरिका सरकार ने मुख्यमंत्री का दौरा क्यों रोका, यह बड़ा सवाल है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका में पिछले 25-30 वर्षों से बसे तेलंगाना के लोग भी राज्य में उद्योग लगाने और स्किल डेवलपमेंट के क्षेत्र में निवेश करने की इच्छा रखते हैं। सरकार लगातार प्रयास कर रही है कि अधिक से अधिक उद्योग आएं और युवाओं को रोजगार मिले। पहले की विदेश यात्राओं से भी निवेश आया और रंगारेड्डी जिले सहित कई इलाकों में विकास की नई संभावनाएं बनीं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि कुछ लोग दावा कर रहे हैं कि मुख्यमंत्री किसी ऐसी यूनिवर्सिटी या संस्थान में जाने वाले थे, जिस पर अमेरिका को आपत्ति थी। लेकिन अगर ऐसा था तो वीजा जारी करते समय ही स्पष्ट कर देना चाहिए था। उन्होंने कहा कि सरकारी प्रतिनिधिमंडल को वीजा देने के बाद यात्रा के समय रोक देना समझ से बाहर है और इससे राज्य को बड़ा नुकसान हुआ है।
हनुमंत राव ने कहा कि तेलंगाना से भाजपा और बीआरएस दोनों दलों के सांसद संसद में मौजूद हैं। उन्होंने विशेष रूप से भाजपा सांसदों से आग्रह किया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री खुद 'विकसित भारत' की बात करते हैं, इसलिए विकास केवल उत्तर भारत तक सीमित नहीं होना चाहिए। दक्षिण भारत और तेलंगाना भी विकसित भारत का हिस्सा हैं।
उन्होंने कहा कि हाल ही में दक्षिण भारत के मुख्यमंत्रियों के साथ हुई बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी तेलंगाना में हो रहे कार्यों की सराहना की थी। ऐसे में यह सवाल उठता है कि आखिर मुख्यमंत्री का अमेरिका दौरा क्यों रोका गया और इसके पीछे कौन है।
वी. हनुमंत राव ने कहा कि विकास के मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन यदि विकास रुकता है तो सबसे अधिक नुकसान युवाओं और बच्चों के भविष्य को होता है। उद्योग नहीं आएंगे तो नौकरियां नहीं मिलेंगी और राज्य की आर्थिक प्रगति प्रभावित होगी।
उन्होंने कहा कि अमेरिका में रहने वाले तेलंगाना के लोग भी मुख्यमंत्री के दौरे का इंतजार कर रहे थे। वे राज्य में उद्योग लगाने की तैयारी कर रहे थे और इस दौरे से कई निवेश प्रस्ताव आने की उम्मीद थी। उनका कहना था कि यह मौका तेलंगाना के विकास और रोजगार सृजन के लिए महत्वपूर्ण था।
हनुमंत राव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच अच्छे संबंध बताए जाते हैं। ऐसे में केंद्र सरकार को पहल कर मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी का अमेरिका दौरा जल्द दोबारा तय कराना चाहिए, ताकि 15-20 नए उद्योग तेलंगाना आएं और बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार मिल सके।
उन्होंने अंत में कहा कि तेलंगाना के विकास में किसी तरह की राजनीति नहीं होनी चाहिए। राज्य आगे बढ़ेगा तो युवाओं, बच्चों और पूरे देश का भविष्य मजबूत होगा। विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा, जब तेलंगाना सहित दक्षिण भारत भी समान गति से विकास करेगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 Aug 2026 7:21 PM IST












