- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- आमसभा में अधूरा वंदे मातरम् गायन...
खबर का असर: आमसभा में अधूरा वंदे मातरम् गायन पड़ा भारी- मांगा जवाब, दैनिक भास्कर की खबर के बाद महापौर नीता ठाकरे ने आयुक्त को भेजा पत्र

Nagpur News. गुरुवार को मनपा की आमसभा में अधूरे ‘वंदे मातरम्’ गायन को लेकर विवाद खड़ा हो गया। दैनिक भास्कर में खबर प्रकाशित होने के बाद महापौर नीता ठाकरे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मनपा आयुक्त डॉ. विपिन को पत्र भेजा है। पत्र में अधूरे वंदे मातरम् गायन के लिए जिम्मेदार अधिकारी की जवाबदेही तय कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। आयुक्त कार्यालय से यह पत्र निगम सचिव डॉ. रंजना लाड़े को भेजा गया है। इसके बाद आमसभा के व्यवस्थापन तथा वंदे मातरम् और राष्ट्रगीत के गायन की व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले खेल अधिकारी पियूष आंबुलकर को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जा रहा है।
यह भी पढ़े -मराठी नहीं बोलने वाले ऑटो चालकों की धरपकड़, 150 से ज्यादा ऑटो की जांच, 9 चालकों को शो-कॉज नोटिस
क्या है मामला
गुरुवार को नियोजन भवन में महानगरपालिका की आमसभा आयोजित की गई थी। आमसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले परंपरा के अनुसार ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया, लेकिन इसमें सिर्फ दो स्टैंजा ही गाए गए। अब सरकारी और आधिकारिक कार्यक्रमों में ‘वंदे मातरम्’ के पूर्ण गायन को लेकर जारी निर्देशों के चलते मनपा की आमसभा में केवल दो स्टैंजा गाए जाने पर प्रशासनिक लापरवाही के सवाल उठ रहे हैं। इसी को लेकर महापौर ने आयुक्त से मामले में जिम्मेदारी तय करने और कार्रवाई करने को कहा है।
यह भी पढ़े -चिल्ड्रन किट दिलाने का झांसा देकर बच्ची को तीसरे माले से नीचे लाई महिला, 15 मिनट में हो गई फरार
खेल अधिकारी को नोटिस
मनपा की आमसभाओं में अब तक दो स्टैंजा ‘वंदे मातरम्’ के गायन की परंपरा रही है। हालांकि, आमसभा में वंदे मातरम्, राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के गायन सहित संबंधित व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी खेल अधिकारी की होती है। इसी के चलते खेल अधिकारी पियूष आंबुलकर को नोटिस देकर उनसे स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है। उनके जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। डॉ. रंजना लाड़े, निगम सचिव, मनपा के मुताबिक खेल अधिकारी को नोटिस देकर मामले में जवाब मांगा जा रहा है।
Created On :   21 Aug 2026 7:12 PM IST












