- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- आईडी-पासवर्ड शेयर करते ही खाते से...
भरोसा बना मुसीबत: आईडी-पासवर्ड शेयर करते ही खाते से 10.68 लाख पार!, कंपनी के स्थानीय अधिकारी पर साइबर धोखाधड़ी का आरोप

Nagpur News. साइबर अपराधियों से बचने के लिए जिस आईडी और पासवर्ड को गुप्त रखने की सलाह दी जाती है, वही एक दंपति के लिए लाखों के नुकसान का कारण बन गया। मनी ट्रांसफर कंपनी की वेबसाइट में तकनीकी दिक्कत आने पर मदद के लिए कंपनी के स्थानीय अधिकारी से लॉगिन आईडी और पासवर्ड शेयर करना दंपति को भारी पड़ गया। आरोप है कि इसी जानकारी का दुरुपयोग कर उनके खाते से 10 लाख 68 हजार रुपए दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए गए।
धोखाधड़ी का खुलासा होने के बाद मामला नंदनवन थाने पहुंचा। लेन-देन से जुड़ा मामला होने के कारण जांच और कार्रवाई में काफी समय लगा। वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, विजयालक्ष्मी पंडित नगर निवासी शंकर वाढ (40) निजी कारोबार करते हैं। उन्होंने मुंबई स्थित रापीपे फिनटेक प्राइवेट लिमिटेड की एजेंसी ली थी। कंपनी ऑनलाइन मनी ट्रांसफर का कारोबार करती है। शंकर और उनकी पत्नी कंपनी के माध्यम से लेन-देन करते थे।
2 अप्रैल से 17 नवंबर 2023 के बीच कंपनी की साइट नहीं खुल रही थी। परेशानी का समाधान कराने के लिए दंपति ने कंपनी के स्थानीय अधिकारी सुधीर हरीराम कुशवाह (32), निवासी गोधनी रेलवे से संपर्क किया। समस्या दूर करने के लिए दंपति ने आरोपी को अपनी लॉगिन आईडी और पासवर्ड उपलब्ध करा दिया।
आरोप है कि भरोसे में दी गई यही जानकारी उनके लिए मुसीबत बन गई। सुधीर ने कथित तौर पर लॉगिन डिटेल का दुरुपयोग करते हुए शंकर के खाते से 10 लाख 68 हजार रुपए किसी अन्य खाते में ट्रांसफर कर दिए। खाते से इतनी बड़ी रकम निकलने का पता चलने पर दंपति के होश उड़ गए।
यह भी पढ़े -उपराजधानी से ढाका रवाना हुआ एयर एस्ट्रा का नया विमान, फ्रांस से डिलीवरी फ्लाइट पर निकला था
इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। मामला वित्तीय लेन-देन से जुड़ा होने के कारण इसकी जांच और कार्रवाई में लंबा समय लगा। वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद अब नंदनवन पुलिस ने सुधीर हरीराम कुशवाह के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइबर क्राइम की इस घटना ने एक बार फिर साबित किया है कि ऑनलाइन लेन-देन से जुड़ी लॉगिन आईडी और पासवर्ड किसी के साथ शेयर करना कितना महंगा पड़ सकता है।
Created On :   20 Aug 2026 6:26 PM IST












