बम थ्रेट: अजनी केंद्रीय विद्यालय में नियमित रहीं कक्षाएं, बच्चे समझे मॉक ड्रिल नहीं मची अफरा-तफरी

अजनी केंद्रीय विद्यालय में नियमित रहीं कक्षाएं, बच्चे समझे मॉक ड्रिल नहीं मची अफरा-तफरी
  • ई-मेल मिलते ही विद्यार्थियों को मैदान में ले गए
  • बच्चे को स्कूल भेजने में हुई झिझक

Nagpur News. मंगलवार को बम की धमकी से संबंधित ई-मेल मिलने के बाद शहर के कई स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई। वहीं, अजनी स्थित केंद्रीय विद्यालय में स्कूल प्रशासन ने घबराहट में स्कूल बंद करने के बजाय सतर्कता के साथ स्थिति को संभाला। सुबह करीब 9:30 बजे स्कूल प्रशासन को ई-मेल मिला। प्राचार्य फिरोज खान ने मेल की आईडी को संदिग्ध मानते हुए तुरंत सावधानी बरती और विद्यार्थियों को स्कूल परिसर के मैदान में सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद डॉग स्क्वॉड सहित पुलिस और अन्य सुरक्षा दलों को बुलाकर पूरे परिसर की जांच कराई गई। जांच में किसी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने और सुरक्षा सुनिश्चित होने के बाद कक्षाएं नियमित रूप से शुरू कर दी गईं। स्कूल दो शिफ्ट में संचालित होता है। पहली शिफ्ट की घटना के बाद दूसरी शिफ्ट भी सामान्य रूप से चली।

मॉक ड्रिल से मिली मदद

प्राचार्य फिरोज खान ने बताया कि स्कूल में समय-समय पर फायर, बाढ़, सर्पदंश और अन्य आपात स्थितियों को लेकर मॉक ड्रिल कराई जाती है। इसलिए विद्यार्थियों को मैदान में ले जाते समय किसी तरह की अफरा-तफरी नहीं मची। बच्चे इसे मॉक ड्रिल ही समझे। हालांकि इस तरह की धमकी को हल्के में नहीं लिया जा सकता, लेकिन पैनिक की स्थिति में भगदड़ की आशंका रहती है। स्कूल में हर दो साल में फायर एक्सटिंग्विशर के इस्तेमाल का प्रशिक्षण भी दिया जाता है और मॉक ड्रिल भी हर नैचुरल कैलेमिटी के आधार पर की जाती है।

  • खबर मिलते ही घबराहट

अभिभावक मीनाक्षी वाजपेयी के मुताबिक हमें दोपहर करीब 2:30 बजे पता चला कि स्कूल में ऐसी घटना हुई थी। मैंने पति को फोन किया, तो उन्होंने समझाया, जिसके बाद मैं शांत हुई, लेकिन डर तो लगा था।

  • बच्चे को स्कूल भेजने में हुई झिझक

अभिभावक अलोक खोबरागड़े के मुताबिक शाम को न्यूज से पता चला कि बम थ्रेट वाले स्कूलों में हमारे बच्चे के स्कूल का नाम भी शामिल था। अगले दिन बच्चे को स्कूल भेजने में थोड़ी झिझक हुई।

  • स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर भरोसा

अभिभावक विकास नापित के मुताबिक जैसे ही पता चला, थोड़ा मन घबरा गया, लेकिन स्कूल बहुत सुरक्षित है। स्कूल वाले हमें ही आसानी से अंदर नहीं आने देते, तो बम रखने वाला कैसे अंदर आएगा।

  • स्कूल पर भरोसा, हम निश्चिंत थे

अभिभावक संदीप यादव के मुताबिक हमें बुधवार सुबह पता चला कि ऐसा कुछ हुआ था। हमें स्कूल पर पूरा भरोसा है। स्कूल की ओर से भी हमें इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई, इसलिए हमने ज्यादा ध्यान नहीं दिया।


Created On :   20 Aug 2026 3:56 PM IST

Tags

Next Story