कार्रवाई: रात के अंधेरे में चल रहा था हुक्का पार्लर, सामाजिक सुरक्षा पथक ने मारा छापा, तीन आरोपी गिरफ्तार

रात के अंधेरे में चल रहा था हुक्का पार्लर, सामाजिक सुरक्षा पथक ने मारा छापा, तीन आरोपी गिरफ्तार
  • टेका नाका स्थित सिद्धार्थ नगर में कार्रवाई
  • तीन आरोपी गिरफ्तार
  • 31 हजार रुपये का सामान जब्त

Nagpur News. रात के सन्नाटे में ग्राहकों को हुक्के के जरिए तंबाकूजन्य पदार्थ परोसने वाले अवैध हुक्का पार्लर पर सामाजिक सुरक्षा पथक, अपराध शाखा ने कार्रवाई की। यह कार्रवाई पाचपावली थाना क्षेत्र के टेका नाका स्थित सिद्धार्थ नगर में की गई। पुलिस ने मौके से तीन युवकों को पकड़ा तथा हुक्का पॉट, फ्लेवर और हुक्का पीने के लिए इस्तेमाल होने वाली सामग्री समेत कुल 31,020 रुपये का माल जब्त किया।

पुलिस के अनुसार, सामाजिक सुरक्षा पथक को रातगश्त के दौरान सूचना मिली थी कि प्लॉट नंबर-2, सिद्धार्थ नगर, टेका नाका, श्री मंगल डेयरी के सामने हुक्का पार्लर चलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पथक ने 20 अगस्त की रात 12.54 बजे से तड़के 4.30 बजे के बीच यहां छापा मारा।

कार्रवाई के दौरान आरोपी ग्राहकों को स्वास्थ्य के लिए घातक तंबाकूजन्य पदार्थ हुक्के के माध्यम से उपलब्ध कराते और उसके सेवन के लिए सुविधाएं मुहैया कराते पाए गए। पुलिस ने मौके से हुक्का पॉट, विभिन्न हुक्का फ्लेवर और अन्य सामग्री जब्त कर ली।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान शाहरुख नसरुल्ला खान (30), निवासी सिद्धार्थ नगर, टेका नाका; शेख अरमान शेख नासिर (20), निवासी मक्का मस्जिद के पास, टेका नाका तथा मोहम्मद समीर मोहम्मद अंसारी (20), निवासी ताज नगर, बड़ी मस्जिद के पास, पाचपावली के रूप में हुई है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को जब्त माल सहित आगे की कार्रवाई के लिए पाचपावली पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 की धारा 4, 7, 8, 20, 21 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 272 के तहत कार्रवाई की गई है। कार्रवाई सामाजिक सुरक्षा पथक के पुलिस निरीक्षक दर्शन पाटील के नेतृत्व में की गई।

Created On :   20 Aug 2026 3:13 PM IST

Tags

Next Story