- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- हादसा नहीं, हत्या के प्रयास की थी...
जांच और खुलासा: हादसा नहीं, हत्या के प्रयास की थी साजिश! फार्महाउस में रचा था जानलेवा हमले का प्लान, क्राइम ब्रांच ने पांच आरोपियों को दबोचा

Nagpur News. सोनेगांव के सोमलवाड़ा चौक पर गत 11 अगस्त को हुए कथित सड़क हादसे के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि शेख अक्रम उर्फ भुरु रहमान शेख (42) को जीप से टक्कर मारना महज हादसा नहीं, बल्कि कथित तौर पर उसकी हत्या के प्रयास की साजिश थी। आरोपियों ने अक्रम को जान से मारने के इरादे से वाहन से टक्कर मारी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले की समानांतर जांच करते हुए अपराध शाखा की यूनिट-2 ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घायल अक्रम शेख का फिलहाल न्यूरॉन हॉस्पिटल में उपचार चल रहा है।
फार्महाउस में रची गई थी साजिश
जांच में यह बात सामने आई है कि अक्रम को रास्ते से हटाने की कथित योजना फार्महाउस में बैठकर बनाई गई थी। हालांकि पुलिस की ओर से फार्महाउस का नाम और साजिश की पूरी समयरेखा स्पष्ट नहीं की गई है। आरोपियों से पूछताछ में साजिश से जुड़े अन्य तथ्य सामने आने की संभावना है।
यह भी पढ़े -गिट्टीखदान में दो चोरियों का पर्दाफाश, बंद घरों के ताले तोड़कर चोरी करते थे आरोपी - दो आरोपी गिरफ्तार
सोनेगांव थाने में दर्ज मामले की समानांतर जांच के दौरान क्राइम ब्रांच यूनिट-2 ने तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों के आपस में मिलीभगत कर अक्रम को जान से मारने के उद्देश्य से वाहन से टक्कर मारने की बात सामने आई।
15 लाख की जीप जब्त
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल काले रंग की जीप (एमएच-40-सीएच-4777) जब्त की है। इसकी अनुमानित कीमत 15 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार, इसी वाहन से अक्रम को टक्कर मारी गई थी।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहबाज खान उर्फ सलमान बिल्ला अमजद खान (25), निवासी ताज नगर, मानकापुर; अमीर वर्ल्ड बशीर शेख (35), निवासी झिंगाबाई टाकली; मोहम्मद साहिल अंसारी उर्फ मोहम्मद अल्ताफ अंसारी (24), निवासी न्यू पार्वती नगर, कलमना; मोहम्मद तोफिक शेख उर्फ मोहम्मद आरिफ (28), निवासी प्लॉट नंबर 389, सीताबर्डी और शेख शरीफ शेख सलीम (36), निवासी टेंपल बाजार, तेलीपुरा, सीताबर्डी के रूप में हुई है।
यह भी पढ़े -फार्महाउस में सजा था जुए का दरबार, गुप्त सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और जब्त कर लिया 24.63 लाख का माल - 16 जुआरी दबोचे, 7 फरार
दो आरोपी अब भी फरार
मामले में शेख मोहसीन उर्फ बाबा टाइगर उर्फ टाइगर शेख मूसा (27), निवासी ताजी नगर, मानकापुर तथा ‘जेडी’ नामक व्यक्ति को वांछित आरोपी बताया गया है। दोनों की तलाश की जा रही है।
पुरानी रंजिश समेत अन्य पहलुओं की जांच
गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में पुलिस अब अक्रम को निशाना बनाने की वजह, पुरानी रंजिश, फार्महाउस में साजिश रचने में शामिल लोगों और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। क्राइम ब्रांच यूनिट-2 ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच में अहम कड़ी हासिल की है। अब सोनेगांव पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही हत्या के प्रयास के पीछे की असली वजह और पूरी साजिश में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।
Created On :   19 Aug 2026 7:17 PM IST









