खुलासा: सेंधमारो के गैंग का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार, हिरासत में दो नाबालिग, 5 किलो चांदी के गहने बरामद

सेंधमारो के गैंग का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार, हिरासत में दो नाबालिग, 5 किलो चांदी के गहने बरामद
  • नागपुर-वर्धा में 5 वारदातों का खुलासा
  • यूनिट-3 की कार्रवाई में 15.63 लाख का माल जब्त
  • छह आरोपी पकड़े

Nagpur News. नागपुर और वर्धा जिले में लगातार घरों में सेंध लगाने वाले गिरोह का अपराध शाखा की यूनिट-3 ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छह आरोपियों को हिरासत में लेकर घरों में सेंधमारी के चार और वाहन चोरी के एक, कुल पांच मामलों का खुलासा किया है। आरोपियों के कब्जे से सबसे महत्वपूर्ण बरामदगी 5 किलो चांदी के आभूषण और चांदी के बर्तन की हुई है। इनकी अनुमानित कीमत 11 लाख 80 हजार रुपए बताई गई है। कार्रवाई में कुल 15 लाख 63 हजार 890 रुपए का माल जब्त किया गया।

5 किलो चांदी ने खोली चोरी की परतें

यूनिट-3 की टीम ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। जांच आगे बढ़ने पर नागपुर शहर और वर्धा जिले में हुई अलग-अलग चोरी की वारदातों की कड़ियां जुड़ती चली गईं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 किलो चांदी के गहने और चांदी के बर्तन बरामद किए। इतनी बड़ी मात्रा में चांदी की बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से 6 हजार रुपए कीमत के चोरी के मोबाइल व हेडफोन, 2,890 रुपए नकद, अपराध में इस्तेमाल तथा चोरी की गई एक्टिवा (एमएच-49-सीपी-1067) कीमत 80 हजार रुपए और रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल (एमएच-49-सीके-6614) कीमत 2 लाख रुपए बरामद की गई। इसके अलावा आरोपियों के पांच मोबाइल फोन, जिनकी कीमत करीब 1 लाख 75 हजार रुपए है, भी जब्त किए गए।

नागपुर से वर्धा तक फैला था चोरी का सिलसिला

पुलिस जांच में लकड़गंज, अजनी, रामनगर वर्धा, वर्धा शहर और सेलू थाने में दर्ज कुल पांच मामलों का खुलासा हुआ है। इनमें चार मामले घरफोड़ियों से जुड़े हैं, जबकि एक मामला वाहन चोरी का है। आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस को इन वारदातों से संबंधित महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान भूषण उर्फ मोसा अशोक ठाकरे (23), गौरव सुरेश खडसे (20), क्रिश रामचरित्र जायसवाल (19), अमन बिसन देव सहानी (23) के रूप में हुई है। इनके अलावा दो 17 वर्षीय विधि संघर्षग्रस्त बालकों को भी हिरासत में लिया गया है।

पांच मामलों का एक साथ खुलासा

यूनिट-3 की कार्रवाई में नागपुर शहर और वर्धा की अलग-अलग घटनाओं से जुड़े पांच अपराधों का एक साथ खुलासा हुआ। आरोपियों को मेडिकल जांच के बाद आगे की कार्रवाई के लिए जब्त माल समेत वर्धा शहर पुलिस के हवाले किया गया। इस कार्रवाई में अपराध शाखा के साइबर पथक का भी विशेष सहयोग रहा।

5 किलो चांदी की बरामदगी इस कार्रवाई की सबसे बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चांदी किन-किन चोरी की वारदातों से संबंधित है और गिरोह ने नागपुर-वर्धा में और कितने घरों को निशाना बनाया है।

Created On :   19 Aug 2026 6:37 PM IST

Tags

Next Story