- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- गिट्टीखदान में दो चोरियों का...
शिकंजे में आरोपी: गिट्टीखदान में दो चोरियों का पर्दाफाश, बंद घरों के ताले तोड़कर चोरी करते थे आरोपी - दो आरोपी गिरफ्तार

Nagpur News. गिट्टीखदान थाना क्षेत्र में बंद घरों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का अपराध शाखा के वाहन चोरी विरोधी दस्ते ने पर्दाफाश किया है। दस्ते ने दो चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से सोने जैसे पीली धातु के आभूषण, चांदी जैसे सफेद धातु के बर्तन, पूजा सामग्री और मोबाइल फोन समेत 3 लाख 90 हजार 900 रुपए का माल बरामद किया गया। मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं। यह कार्रवाई पुलिस निरीक्षक रविंद्र नाइकवाड के नेतृत्व में वाहन चोरी विरोधी दस्ते की टीम ने की।
बंद घरों को बनाते थे निशाना
गिट्टीखदान थाने में दर्ज चोरी के मामलों की जांच के दौरान पता चला कि दोनों वारदातों में शिकायतकर्ता घर पर ताला लगाकर बाहर गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घरों के ताले तोड़कर प्रवेश किया और सोने-चांदी के आभूषण समेत कीमती सामान चोरी कर लिया।
जांच के दौरान दस्ते ने तकनीकी जानकारी और गुप्त सूचना के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने उमेश राजेश खांडेकर (22), निवासी पडकर चौक, गंगाबाई, कोतवाली और विकास उर्फ विकी विजय पाली (22), निवासी म्हाडा क्वार्टर, ब्लॉक नंबर 41, क्वार्टर नंबर 644, कपिलनगर को हिरासत में लिया।
यह भी पढ़े -सेंधमारो के गैंग का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार, हिरासत में दो नाबालिग, 5 किलो चांदी के गहने बरामद
आभूषण और चांदी के बर्तन बरामद
आरोपियों के कब्जे से सोने जैसे पीली धातु के कान के टॉप्स, अंगूठी और लॉकेट बरामद किए गए। इसके अलावा चांदी जैसी सफेद धातु के थाली, गिलास, कटोरी, कमरबंद, पायल, पूजा के दीये, सिक्के, प्याले, प्लेट, चम्मच, मछली की आकृति और अगरबत्ती पॉट समेत अन्य सामान जब्त किया गया। जब्त सामान में वीवो कंपनी का हरे रंग का मोबाइल फोन भी शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत 10 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार, बरामद माल की कुल कीमत 3,90,900 रुपए है।
दो आरोपी फरार
मामले में गोविंद उर्फ गोबा काशीराम साखरे (22), निवासी म्हाडा क्वार्टर, कपिलनगर और दयाशंकर उर्फ सागर संतोष बघेल, निवासी म्हाडा क्वार्टर, कपिलनगर को वांछित आरोपी बनाया गया है। दोनों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को मेडिकल जांच के बाद जब्त माल समेत आगे की कार्रवाई के लिए गिट्टीखदान पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने शहर में अन्य कितनी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है।
Created On :   19 Aug 2026 7:04 PM IST









