- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- फार्महाउस में सजा था जुए का दरबार,...
पुलिस की रेड: फार्महाउस में सजा था जुए का दरबार, गुप्त सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और जब्त कर लिया 24.63 लाख का माल - 16 जुआरी दबोचे, 7 फरार

Nagpur News. कलमना थाना क्षेत्र के पावणगांव स्थित ‘टू सिस्टर फार्महाउस’ में जुए का अड्डा चलाने का खुलासा हुआ है। अपराध शाखा यूनिट-5 की टीम ने फार्महाउस पर छापा मारकर पैसे की बाजी लगाकर ताश खेल रहे 16 आरोपियों को दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान नकद राशि, मोबाइल फोन, कार और दोपहिया वाहनों समेत कुल 24 लाख 63 हजार 750 रुपए का माल जब्त किया गया। वहीं, पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही सात आरोपी मौके से फरार हो गए। गुप्त सूचना के आधार पर अपराध शाखा यूनिट-5 की टीम को जानकारी मिली थी कि कलमना थाना क्षेत्र के पावणगांव स्थित टू सिस्टर फार्महाउस में पैसों की बाजी लगाकर ताश के पत्तों पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने फार्महाउस पर दबिश दी। छापे के दौरान आरोपी पैसों का दांव लगाकर जुआ खेलते हुए रंगेहाथ मिले।
पुलिस ने मौके से 72 हजार 750 रुपए नकद, 52 ताश के पत्ते, आरोपियों के पास से 17 मोबाइल फोन, जिनकी कीमत करीब 6 लाख 20 हजार रुपए है, दो कारें कीमत करीब 9 लाख रुपए तथा सात दोपहिया वाहन कीमत करीब 5 लाख 70 हजार रुपए जब्त किए। इसके अलावा फरार आरोपियों के मौके पर मिले पांच मोबाइल फोन, जिनकी कीमत करीब 3 लाख रुपए है, तथा जुआ खेलने के लिए इस्तेमाल की जा रही दो दरियां भी जब्त की गईं। जब्त माल की कुल कीमत 24 लाख 63 हजार 750 रुपए बताई गई है।
यह भी पढ़े -आश्रमशाला में जब 260 विद्यार्थियों से हुई पूछताछ तो सामने आई चपरासी की शर्मसार करने वाली हरकत - छात्रों के यौन उत्पीड़न मामले में गिरफ्तारी
कार्रवाई में गौरव गेंदलाल यादव, रोशन आनंदराव उमरेडकर, गणेश ज्ञानचंद नवेश, कुणाल खुबचंद पाटील, सांगर भीमराव सोमकुंवर, संदीप भाऊरावजी नागरीकर, कैलाश किसनराव डोंगरे, हर्षल महादेव डेकाटे, धर्मेंद्र राजेश साहू, निकेश राजू श्रीपाते, प्रकाश रवि सिंह, अभिषेक अनिल गोरे, आकाश रामू गुप्ता, शेख रहेमान, सचिन रमेश ढाले और तुषार छोटूजी लोणारे को पकड़ा गया। आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र जुआ प्रतिबंधक कानून की धारा 4 और 5 के तहत कार्रवाई की गई है।
कई आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में कुछ के खिलाफ पहले से ही आपराधिक मामले दर्ज हैं। आकाश रामू गुप्ता के खिलाफ 14 मामले, जबकि तुषार छोटूजी लोणारे के खिलाफ 30 गंभीर मामले दर्ज हैं। निकेश श्रीपाते पर तीन, जबकि गणेश नवेश और कैलास डोंगरे पर एक-एक मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
यह भी पढ़े -स्कूटर की टक्कर से बाइक सवार हुआ था घायल, इलाज के दौरान तोड़ा दम - डेढ़ माह बाद जाकर चालक महिला पर मामला दर्ज
पुलिस की दबिश पड़ते ही सात आरोपी भागे
कार्रवाई के दौरान हरीश उर्फ मादी पराते, हरीश रमेश कुहीकर, प्रणय संजय जाधव, कार्तिक राजेश मैसकर, पवन सुधाकर रेवतकर, राकेश हिरालाल मेश्राम और आकाश अजय खोब्रागडे मौके से फरार हो गए। कळमना पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
फार्महाउस की आड़ में जुए का खेल
इस कार्रवाई ने शहर से सटे फार्महाउस और निजी लॉन में चलने वाली गतिविधियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पार्टी और निजी कार्यक्रमों के नाम पर बुक होने वाले फार्महाउस में जुए जैसे अवैध अड्डे तो नहीं चल रहे, इसकी निगरानी की जरूरत सामने आई है। ‘टू सिस्टर फार्महाउस’ में जुए का यह खेल कब से चल रहा था और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क या अन्य लोगों की भूमिका है या नहीं, इसकी जांच अब पुलिस के लिए अहम होगी।
Created On :   19 Aug 2026 6:16 PM IST









