शर्मनाक वारदात: आश्रमशाला में जब 260 विद्यार्थियों से हुई पूछताछ तो सामने आई चपरासी की शर्मसार करने वाली हरकत - छात्रों के यौन उत्पीड़न मामले में गिरफ्तारी

आश्रमशाला में जब 260 विद्यार्थियों से हुई पूछताछ तो सामने आई चपरासी की शर्मसार करने वाली हरकत - छात्रों के यौन उत्पीड़न मामले में गिरफ्तारी
  • छात्रों के यौन उत्पीड़न का आरोप, चपरासी गिरफ्तार
  • देर रात सामने आया मामला, पुलिस ने तत्काल की कार्रवाई
  • पॉक्सो और एट्रोसिटी एक्ट के तहत केस
  • एक-एक बच्चे से अलग-अलग बातचीत

Kondhali News. गढ़चिरौली जिले की आश्रमशाला में सर्पदंश से बच्चियों की मौत का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब कोंढाली की एक आवासीय आश्रमशाला में शर्मसार करने वाली घटना सामने आ गई। यहां छात्र के साथ कथित यौन उत्पीड़न के आरोप में आश्रमशाला के नाइट वॉचमैन को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो, बाल न्याय अधिनियम और एट्रोसिटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।कुछ दिन पहले दूसरे छात्र के साथ गलत हरकत करने के प्रयास भी किया गया था। पुलिस और प्रशासन ने आश्रमशाला में रह रहे सभी 260 विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर व्यापक जांच शुरू कर दी है।

देर रात सामने आया मामला, पुलिस ने तत्काल की कार्रवाई

मामले का खुलासा 17 अगस्त की देर रात हुआ। जानकारी सामने आई कि आश्रमशाला में एक छात्र के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया, जबकि कुछ दिन पहले एक अन्य छात्र के साथ भी गलत हरकत करने का प्रयास किया गया था। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हलचल मच गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई। काटोल के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी पराग पोटे के मार्गदर्शन में कोंढाली थानेदार सुमित परतेकी और पुलिस उपनिरीक्षक गौरी उईके ने कार्रवाई करते हुए आश्रमशाला के नाइट वॉचमैन राजेश मुलचंद मालापुरे (44) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं, बाल न्याय अधिनियम की धारा 75 और एट्रोसिटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।


यह भी पढ़े -कोंढाली वनपरिक्षेत्र में मादा तेंदुए का शावकों के साथ हृदयस्पर्शी पुनर्मिलन

260 विद्यार्थियों के बयान से खुलेगा पूरा राज

घटना की गंभीरता को देखते हुए नागपुर के जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। साथ ही आश्रमशाला में रह रहे सभी विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक टीम को मौके पर भेजा गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी सुनील मिसरे, जिला बाल संरक्षण अधिकारी मुश्ताक पठान, जिला बाल संरक्षण समन्वयक प्रसन्नजीत गायकवाड़, बाल सुरक्षा अधिकारी साधना ठोंबरे, मीनाक्षी धडाडे तथा अन्य पिछड़ा बहुजन कल्याण विभाग के सहायक निदेशक रोहन कांबले सहित अधिकारियों की टीम आश्रमशाला में पहुंची।

एक-एक बच्चे से अलग-अलग बातचीत

प्रशासनिक टीम आश्रमशाला में रहकर पढ़ाई करने वाले सभी 260 छात्र-छात्राओं से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनके बयान दर्ज कर रही है। अधिकारियों की टीम बच्चों की सुरक्षा, उनकी समस्याओं और आश्रमशाला में उनके साथ होने वाली गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना भी है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ सामने आए आरोपों के अलावा किसी अन्य विद्यार्थी के साथ भी ऐसी कोई घटना तो नहीं हुई। मामले की आगे की जांच कोंढाली पुलिस कर रही है। अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों के बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर प्रकरण में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Created On :   18 Aug 2026 7:11 PM IST

Tags

Next Story