- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- कोराड़ी में घर से 23 तोला सोना...
शिकंजे में आरोपी: कोराड़ी में घर से 23 तोला सोना उड़ाने वाला आरोपी 24 घंटे में धरदबोचा, क्राइम ब्रांच यूनिट-6 की कार्रवाई

Nagpur News. कोराड़ी थाना क्षेत्र की केटीपीएस कॉलोनी में घर से लाखों रुपये के सोने के आभूषण चोरी करने वाले आरोपी को क्राइम ब्रांच की यूनिट-6 ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से करीब 23 तोला सोना और मोबाइल फोन समेत 27.78 लाख रुपये का माल बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, कोराडी के 7 टाइप, 53/4, केटीपीएस कॉलोनी निवासी संदीप वामनराव वानखेडे (49) के घर में 16 अगस्त की रात 2 बजे से 18 अगस्त की सुबह 10.30 बजे के बीच चोरी हुई थी। इस मामले में कोराडी थाने में धारा 305 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच की यूनिट-6 ने समानांतर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली। तकनीकी जांच की मदद से पुलिस ने आरोपी शांतनू चंदू वानखडे (23), निवासी माधान, तहसील चांदूर बाजार, जिला अमरावती का पता लगाया और उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में चोरी में उसकी संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का माल बरामद कर लिया।
यह भी पढ़े -मुंबई - पुणे और नाशिक समेत 18 महानगर पालिकाओं को 341 करोड़ रुपए मंजूर, नागपुर मनपा को 23 करोड़ 44 लाख रुपए स्वीकृत
ऐसे बरामद हुआ माल
पुलिस ने आरोपी के पास से दो बड़े पीली धातु के सिक्के (करीब 80 और 50 ग्राम), मंगलसूत्र (35 ग्राम), चेन (14 ग्राम), दो चूड़ियां (16 ग्राम), कानों की दो रिंग (4 ग्राम), तीन अन्य सिक्के (10, 10 और 5 ग्राम), अंगूठी (5 ग्राम) और मोबाइल फोन बरामद किया। बरामद सोने का कुल वजन करीब 23 तोला बताया गया है। बरामद माल की कुल कीमत 27 लाख 78 हजार रुपये आंकी गई है।
आरोपी को मेडिकल जांच के बाद आगे की कार्रवाई के लिए कोराडी पुलिस के रात्रि ड्यूटी अधिकारी के सुपुर्द किया गया। यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच यूनिट-6 के पुलिस निरीक्षक भरत कऱ्हाडे के मार्गदर्शन में की गई।
Created On :   20 Aug 2026 3:21 PM IST












