डागा से दिनदहाड़े नवजात चोरी: चिल्ड्रन किट दिलाने का झांसा देकर बच्ची को तीसरे माले से नीचे लाई महिला, 15 मिनट में हो गई फरार

चिल्ड्रन किट दिलाने का झांसा देकर बच्ची को तीसरे माले से नीचे लाई महिला, 15 मिनट में हो गई फरार
  • इतनी बड़ी घटना की जानकारी भी अधीक्षक तक तीन घंटे बाद पहुंची
  • बुरखाधारी महिला ने योजना के नाम पर बनाया नानी को शिकार
  • अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

Nagpur News. उपराजधानी के डागा स्मृति शासकीय महिला अस्पताल में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक दिन की नवजात बच्ची चोरी होने से हड़कंप मच गया। बुरखा पहने एक अज्ञात महिला ने बच्ची की नानी को सरकारी योजना के तहत 5 हजार रुपए की चिल्ड्रन किट दिलाने का झांसा दिया और बच्ची को लेकर तीसरे माले से नीचे आ गई। इसके बाद कार्यालय में एंट्री कराने के बहाने महिला ने बच्ची नानी से अपने हाथ में ले ली और देखते ही देखते गायब हो गई।


घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था कटघरे में है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार परिसर में 28 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन इनमें से 6 बंद हैं। वहीं कुछ कैमरा सिस्टम में हार्ड डिस्क ही नहीं होने की बात सामने आई है। पुलिस को महिला के अस्पताल में प्रवेश करने का फुटेज तो मिला, लेकिन जिस रास्ते से वह बच्ची को लेकर बाहर गई, वहां का फुटेज नहीं मिल सका।

चिल्ड्रन किट के नाम पर नानी को जाल में फंसाया

गोलीबार चौक निवासी प्रभा शक्ति पाठराबे को 19 अगस्त की रात करीब 11.15 बजे प्रसूति के लिए डागा अस्पताल में भर्ती किया गया था। 20 अगस्त की रात 12.20 बजे उसने स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद मां और नवजात को अस्पताल के तीसरे माले स्थित पेइंग वार्ड क्रमांक 9 में रखा गया था।

शुक्रवार दोपहर करीब 12.30 बजे बुरखा पहने एक महिला वार्ड में पहुंची। उसने प्रभा की मां से बातचीत शुरू की और बताया कि नवजात बच्ची के लिए सरकारी योजना के तहत 5 हजार रुपए की चिल्ड्रन किट मिलती है। महिला ने कुछ अन्य योजनाओं की भी जानकारी दी और बच्ची को लेकर अपने साथ कार्यालय चलने को कहा। नानी बच्ची को लेकर महिला के पीछे-पीछे तीसरे माले से नीचे आ गई। कक्ष क्रमांक 15 के सामने महिला ने नानी को बैठने के लिए कहा और खुद कार्यालय के अंदर चली गई। कुछ देर बाद बाहर आकर उसने कहा कि अभी लंच टाइम है और एंट्री बाद में होगी। इसके बाद उसने नानी से बच्ची मांगी और कहा कि बच्ची मुझे दे दो, मैं एंट्री कराकर आती हूं।


यह भी पढ़े -आरपीएफ ने धोखाधड़ी और मोबाइल चोरी के दो मामलों का किया पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद

नानी ने भरोसा कर बच्ची महिला को सौंप दी। करीब 15 मिनट बाद भी महिला वापस नहीं आई तो नानी उसे तलाशने पहुंची। महिला कहीं नहीं मिली। इसके बाद उसे बच्ची चोरी होने का संदेह हुआ और अस्पताल कर्मचारियों तथा परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।

सीसीटीवी में महिला दिखी, लेकिन बाहर निकलने का रास्ता कैमरे में कैद नहीं

घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम के साथ एसीपी भी मौके पर पहुंचे और अस्पताल परिसर की जांच शुरू की। महिला के आने-जाने के संभावित रास्तों की पड़ताल की गई और सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।

अस्पताल परिसर में कुल 28 कैमरे लगे होने की जानकारी सामने आई है। इनमें से 6 कैमरे खराब बताए गए हैं, जबकि 22 कैमरे चालू हैं। इसके अलावा कुछ सिस्टम में हार्ड डिस्क नहीं होने के कारण रिकॉर्डिंग उपलब्ध नहीं है।

पुलिस को मिले फुटेज में संदिग्ध महिला अस्पताल में प्रवेश करती हुई दिखाई दे रही है। हालांकि, बच्ची को लेकर वह किस रास्ते से अस्पताल से बाहर निकली, उस रास्ते का फुटेज उपलब्ध नहीं हो सका। घटना दोपहर 12 से 2 बजे के बीच हुई, जब अस्पताल में विजिटर्स की आवाजाही भी रहती है। ऐसे में पुलिस के सामने महिला की पहचान और बच्ची तक पहुंचने की चुनौती बनी हुई है।


तीन घंटे तक अधीक्षक को नहीं मिली पूरी जानकारी

बच्ची के पिता शक्ति पाठराबे ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि अस्पताल में आने-जाने वालों पर निगरानी नहीं है। सुरक्षा गार्ड न तो लोगों से ठीक से पूछताछ करते हैं और न ही आने-जाने वालों का पर्याप्त रिकॉर्ड रखा जाता है।

डागा अस्पताल में करीब 18 सुरक्षा गार्ड होने की जानकारी सामने आई है। तीन शिफ्टों में छह-छह गार्ड तैनात रहते हैं। इसके बावजूद अस्पताल के भीतर से नवजात बच्ची के चोरी होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।

सबसे गंभीर बात यह सामने आई कि घटना के करीब तीन घंटे बाद तक अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक दिलीप मड़ावी के पास घटना का पूरा ब्योरा उपलब्ध नहीं था। वे संबंधित मेहता नामक अधिकारी को बुलाते रहे। अधिकारी के पहुंचने के बाद घटना की जानकारी जुटाई गई। इस प्रशासनिक अव्यवस्था को लेकर भी अस्पताल में सवाल उठ रहे हैं।


फिलहाल पुलिस संदिग्ध महिला की तलाश में जुटी है। दिनदहाड़े अस्पताल से नवजात के चोरी होने की इस घटना ने डागा अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Created On :   21 Aug 2026 6:56 PM IST

Tags

Next Story