रणदीप हुड्डा की मां का सिनेमा में डेब्यू, हरियाणवी फिल्म से रखा पहला कदम
मुंबई, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। बॉलीवुड के बेहतरीन अभिनेताओं में से एक, रणदीप हुड्डा अपनी फिल्मों से फैंस का दिल जीतते आए हैं, लेकिन अब सिर्फ अभिनेता ही नहीं बल्कि उनकी मां भी सिनेमा में कदम रख चुकी हैं।
रणदीप हुड्डा की मां, आशा हुड्डा, ने क्षेत्रीय सिनेमा में कदम रख दिया है, और इस बात से खुश अभिनेता ने मस्ती भरे अंदाज में मां को बधाई दी है।
रणदीप हुड्डा की मां आशा हुड्डा ने हरियाणवी फिल्म सांगी में दादी का रोल प्ले किया है। अभिनेता ने मां की फोटो शेयर कर लिखा, "जब मां के रोल का टेम था, तब ना मिल्या, अब सीधा दादी का… आज आपको पर्दे पर देखने के लिए उत्साहित हूं मां, पूरी टीम को बहुत-बहुत बधाई।"
हरियाणवी फिल्म 'सांगी' गुरुवार को हरियाणवी ओटीटी ऐप 'स्टेज' पर रिलीज हो गई है। एक दिन पहले फिल्म का शानदार ट्रेलर भी लॉन्च किया गया।
फिल्म की कहानी ऐसे कलाकार की है, जिसे डांस पसंद है और वो गांव में महिला बनकर डांस करता है। इस कला को हरियाणा में सांगी कहते हैं, जो आमतौर पर किन्नर करते हैं। कुलदीप नाम का लड़का सांगी बनकर पहचान बनाना चाहता है। इस दौरान उसे न सिर्फ अपने परिवार से बल्कि गांव वालों से भी मुकाबला करना है। कहानी एक कला को पहचान देने की मेहनत दिखाती है।
गौर करने वाली बात यह भी है कि बीते कुछ महीनों पहले ही रणदीप को स्टेज ऐप का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया था। तब से लेकर अभिनेता क्षेत्रीय हरियाणवी फिल्मों का खुलकर सपोर्ट कर रहे हैं और कुछ फिल्मों में निवेश भी कर रहे हैं।
इससे पहले अभिनेता की बहन अंजलि हुड्डा ने भी हिंदी सिनेमा में डेब्यू किया था। उन्होंने अपने भाई की फिल्म 'स्वातंत्र्य वीर सावरकर' में एक छोटा सा रोल किया था। इसी फिल्म में अंजलि ने रणदीप के किरदार के लिए वजन घटाने से लेकर बढ़ाने में मदद की थी। अभिनेता ने वीर सावरकर का जेल वाले हालातों के दिखाने के लिए 28 दिनों में 18 किलो वजन कम किया था और वे उस वक्त सिर्फ 1 समय ही खाना खाते थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 April 2026 9:53 PM IST












