राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पोखरण की तपती रेत से लेकर एआई तक... भारत ने हासिल की जादुई तकनीकी उड़ान

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस  पोखरण की तपती रेत से लेकर एआई तक... भारत ने हासिल की जादुई तकनीकी उड़ान
यह बात ​11 मई 1998 की है। आसमान से अमेरिकी खुफिया सैटेलाइट्स भारत के चप्पे-चप्पे पर अपनी पैनी नजरें गड़ाए हुए थे। उन्हें चकमा देना नामुमकिन सा लग रहा था। लेकिन, फिर भी, वे धोखा खा गए। अचानक जमीन कांपी और दुनिया भर के सिस्मोग्राफ ने एक ऐसी हलचल दर्ज की, जिसने भारत का भू-राजनीतिक इतिहास हमेशा के लिए बदल दिया।

नई दिल्ली, 10 मई (आईएएनएस)। यह बात ​11 मई 1998 की है। आसमान से अमेरिकी खुफिया सैटेलाइट्स भारत के चप्पे-चप्पे पर अपनी पैनी नजरें गड़ाए हुए थे। उन्हें चकमा देना नामुमकिन सा लग रहा था। लेकिन, फिर भी, वे धोखा खा गए। अचानक जमीन कांपी और दुनिया भर के सिस्मोग्राफ ने एक ऐसी हलचल दर्ज की, जिसने भारत का भू-राजनीतिक इतिहास हमेशा के लिए बदल दिया।

​यह भारत का सफल भूमिगत परमाणु परीक्षण 'ऑपरेशन शक्ति' था। उसी दिन हमारे वैज्ञानिकों ने आसमान में स्वदेशी विमान 'हंसा-3' को सफलतापूर्वक उड़ाकर और अचूक 'त्रिशूल' मिसाइल का परीक्षण करके सबको हैरत में डाल दिया। भारत ने एक ही दिन में परमाणु, उड्डयन, और रक्षा क्षेत्र में अपना लोहा मनवा लिया था। हमारी इस अदम्य वैज्ञानिक इच्छाशक्ति को सलाम करते हुए तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने 11 मई को 'राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस' घोषित किया।

​आज तकनीक 'कल्याण' का दूसरा नाम बन गई है। किसी सुदूर गांव का किसान आज 'ई-चौपाल' के जरिए अपने फोन पर अपनी फसल का सही दाम और मौसम की सटीक जानकारी ले रहा है। 'स्टेम ऑन व्हील्स' जैसी शानदार पहलों ने मोबाइल क्लीनिक को सीधे गांवों में पहुंचा दिया है, जहां बैठा एक गरीब मरीज शहरों के बड़े डॉक्टरों से वीडियो कॉल पर अपना इलाज करवा रहा है। आंगनवाड़ी में काम करने वाली महिलाएं 'पोषण ट्रैकर' ऐप से बच्चों को कुपोषण से बचा रही हैं। ये है असली भारत की असली तकनीकी क्रांति, जहां इनोवेशन जमीनी हकीकत को बदल रहा है।

​अगर आप जानना चाहते हैं कि आज दुनिया भारत को किस नजर से देखती है, तो फरवरी 2026 में नई दिल्ली के भारत मंडपम में हुए 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट' को याद कीजिए। 15 से ज्यादा देशों के राष्ट्राध्यक्ष और 70 हजार से अधिक लोगों का हुजूम इस बात का गवाह बना कि अब भारत तकनीक के मामले में दुनिया के पीछे नहीं चलता, बल्कि दुनिया को रास्ता दिखाता है।

​ये सब कोई जादू नहीं है। इसके पीछे उन गुमनाम वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं, युवा छात्रों और स्टार्टअप्स की सालों की तपस्या है, जो लैब के बंद कमरों में देश का कल लिख रहे हैं। इन प्रतिभाओं को पंख देने का काम भारत सरकार का 'प्रौद्योगिकी विकास बोर्ड' (टीडीबी) करता है।

​हर साल इसी दिन टीडीबी ऐसे स्टार्टअप्स और एमएसएमई को 'राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी पुरस्कार' और 'राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार' से नवाजता है, जिन्होंने कागजी रिसर्च को असली बाजार में उतारा हो। चाहे वो 'रोटावैक' जैसी सस्ती स्वदेशी वैक्सीन बनाने वाली कंपनी हो या फिर ग्रामीण शिक्षा को बदलने वाले एडटेक स्टार्टअप्स।

सरकार इन इन्नोवेटर्स को लाखों-करोड़ों की वित्तीय मदद देकर उनके सपनों को उड़ान दे रही है। इसके साथ ही दिल्ली यूनिवर्सिटी से लेकर शारदा यूनिवर्सिटी तक, हर जगह छात्रों के लिए 'हैकथॉन' और 'रोबो रेस' हो रहे हैं, ताकि नई पीढ़ी के दिमाग को इनोवेशन के लिए तैयार किया जा सके।

​आज जब हम 2026 के आगे देखते हैं, तो हमारी नजरें डीप-टेक, क्वांटम मिशन और खुद का सेमीकंडक्टर हब बनाने पर टिकी हैं। आज भारत पेटेंट फाइल करने में दुनिया के शीर्ष देशों को टक्कर दे रहा है।

11 मई का दिन हमें बस एक ही बात याद दिलाता है। 1998 में हमने दुनिया को अपनी ताकत का एहसास कराया था, और आज 2026 में हम दुनिया को एक सुरक्षित और समावेशी भविष्य का रास्ता दिखा रहे हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   10 May 2026 7:00 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story