आरसीबी बनाम एसआरएच 38 छक्के और 43 चौके, जब एक ही आईपीएल मैच में बने 549 रन

आरसीबी बनाम एसआरएच 38 छक्के और 43 चौके, जब एक ही आईपीएल मैच में बने 549 रन
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के मुकाबले के साथ होगी। इन दोनों टीमों ने 15 अप्रैल 2024 को इतिहास रचा था। उस मैच में दोनों टीमों ने कुल मिलाकर 549 रन बनाए थे, जिसमें 38 छक्के और 43 चौके शामिल थे।

नई दिल्ली, 26 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के मुकाबले के साथ होगी। इन दोनों टीमों ने 15 अप्रैल 2024 को इतिहास रचा था। उस मैच में दोनों टीमों ने कुल मिलाकर 549 रन बनाए थे, जिसमें 38 छक्के और 43 चौके शामिल थे।

यह आईपीएल इतिहास में एक ही मैच के दौरान दोनों टीमों का कुल मिलाकर सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड है। इस मैच के दौरान एसआरएच ने 287/3 का स्कोर बनाया, जो आईपीएल में किसी टीम का सबसे बड़ा स्कोर भी है। इस पूर मैच में एसआरएच की पारी में 22 छक्के और 19 चौके लगे, जबकि आरसीबी की तरफ से 16 छक्के और 24 चौके देखने को मिले। आइए, इस मुकाबले के बारे में विस्तार से जानते हैं।

बेंगलुरु में खेले गए इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट खोकर 287 रन बनाए। इस टीम को अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 8.1 ओवरों में 108 रन जोड़े।

अभिषेक 22 गेंदों में 34 रन बनाकर आउट हुए। यहां से ट्रेविस हेड ने हेनरिक क्लासेन के साथ दूसरे विकेट के लिए 26 गेंदों में 57 रन की साझेदारी की। हेड 41 गेंदों में 8 छक्कों और 9 चौकों के साथ 102 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद क्लासेन ने एडेन मार्करम के साथ तीसरे विकेट के लिए 66 रन जुटाए।

क्लासेन ने 31 गेंदों में 7 छक्कों और 2 चौकों की मदद से 67 रन बनाए। यहां से मार्करम (नाबाद 32) ने अब्दुल समद (नाबाद 37) के साथ चौथे विकेट के लिए 56 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। विपक्षी खेमे से लॉकी फर्ग्यूसन ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए, जबकि रीस टॉपले ने 1 विकेट निकाला।

इसके जवाब में आरसीबी निर्धारित ओवरों में 7 विकेट खोकर 262 रन ही बना सकी। टीम को विराट कोहली और कप्तान फाफ डुप्लेसिस की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 6.2 ओवरों में 80 रन जुटाए।

कोहली 20 गेंदों में 2 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 42 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया। आरसीबी ने 122 के स्कोर तक 5 विकेट खो दिए थे। इस बीच फाफ डुप्लेसिस भी 62 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

यहां से दिनेश कार्तिक ने 35 गेंदों में 7 छक्कों और 5 चौकों के साथ 83 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन जीत नहीं दिला सके। एसआरएच की तरफ से पैट कमिंस ने सर्वाधिक 3 विकेट निकाले। मयंक मारकंडे ने 2 विकेट निकाले, जबकि टी नटराजन ने 1 विकेट हासिल किया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 March 2026 5:39 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story