रोहित सर्वाधिक आईपीएल मैच खेलने के मामले में संयुक्त रूप से 'नंबर-1', धोनी-कोहली की बराबरी

रोहित सर्वाधिक आईपीएल मैच खेलने के मामले में संयुक्त रूप से नंबर-1, धोनी-कोहली की बराबरी
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 54वें मैच में उतरते ही मुंबई इंडियंस (एमआई) के दिग्गज खिलाड़ी रोहित शर्मा ने बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है। रोहित आईपीएल इतिहास में सर्वाधिक मैच खेलने वाले संयुक्त रूप से 'नंबर-1' खिलाड़ी बन गए हैं।

रायपुर, 10 मई (आईएएनएस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 54वें मैच में उतरते ही मुंबई इंडियंस (एमआई) के दिग्गज खिलाड़ी रोहित शर्मा ने बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है। रोहित आईपीएल इतिहास में सर्वाधिक मैच खेलने वाले संयुक्त रूप से 'नंबर-1' खिलाड़ी बन गए हैं।

रविवार को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में जारी इस मुकाबले में जब रोहित उतरे, तो यह उनका 278वां आईपीएल मैच था। महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली भी इतने ही आईपीएल मैच खेल चुके हैं। इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर मौजूद रवींद्र जडेजा ने अपने आईपीएल करियर में 265 मैच खेले हैं, जबकि दिनेश कार्तिक 257 मुकाबलों के साथ तीसरे पायदान पर हैं। आईपीएल में अब तक सिर्फ 12 ही खिलाड़ी 200 मैच खेले हैं।

रोहित शर्मा ने 278 आईपीएल मुकाबलों में अब तक 30.11 की औसत के साथ 7,289 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक भी आए, जबकि कोहली ने इतने ही मुकाबलों में 8 शतकों के साथ 9,040 रन जुटाए हैं। महेंद्र सिंह धोनी ने 278 आईपीएल मुकाबलों में 38.30 की औसत के साथ 5,439 रन बनाए हैं।

रविवार को रायपुर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ रोहित शर्मा ने 10 गेंदों में 2 छक्कों और 2 चौकों के साथ 22 रन बनाए। टॉस हारकर बल्लेबाजी के लिए उतरी मुंबई इंडियंस ने 20 ओवरों के खेल में 7 विकेट खोकर 166 रन बनाए।

इस टीम ने 28 के स्कोर तक अपने 3 विकेट खो दिए थे। यहां से नमन धीर ने तिलक वर्मा के साथ चौथे विकेट के लिए 57 गेंदों में 82 रन जुटाए। नमन 32 गेंदों में 2 छक्कों और 5 चौकों के साथ 47 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद तिलक वर्मा ने छोटी-छोटी साझेदारियां करते हुए टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।

तिलक वर्मा 42 गेंदों में 57 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में 2 छक्के और 3 चौके शामिल रहे, जबकि राज बावा ने 16 रन और विल जैक्स ने 10 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। विपक्षी खेमे से भुवनेश्वर कुमार ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि जोश हेजलवुड, रासिख सलाम डार और रोमारियो शेफर्ड ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   10 May 2026 10:05 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story