रोहित शेट्टी फायरिंग केस प्रवीण लोनकर को कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेजा, क्राइम ब्रांच की कस्टडी मांग खारिज
मुंबई, 16 मार्च (आईएएनएस)। मुंबई में फिल्म निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में जांच कर रही मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच को कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। इस मामले में गिरफ्तार आरोपी प्रवीण लोनकर की पुलिस कस्टडी खत्म होने के बाद उसे दोबारा अदालत में पेश किया गया।
क्राइम ब्रांच ने अदालत से चार दिन की और पुलिस कस्टडी की मांग की थी, ताकि उससे आगे की पूछताछ की जा सके। लेकिन अदालत ने पुलिस की यह मांग खारिज कर दी और प्रवीण लोनकर को न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दे दिया।
पुलिस के मुताबिक, प्रवीण लोनकर से पूछताछ के दौरान इस मामले से जुड़े कई अहम सुराग सामने आए हैं। जांच एजेंसियों का मानना था कि अगर उसे कुछ और दिन पुलिस हिरासत में रखा जाता, तो इस साजिश से जुड़े और बड़े खुलासे हो सकते थे। लेकिन, अदालत ने आगे की पुलिस कस्टडी देने से इनकार कर दिया और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
इस मामले में प्रवीण लोनकर का नाम सामने आने के बाद क्राइम ब्रांच ने उसे गिरफ्तार किया था। वह पहले से ही चर्चित बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के मामले में जेल में बंद था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वह जेल में रहते हुए भी इस साजिश से जुड़ा हुआ था। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने उसे इस केस में भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी।
जांच में सामने आया है कि रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा थी। जांच में सामने आया कि इस पूरी योजना में शुभम लोनकर नाम का शख्स मुख्य भूमिका में था, जबकि प्रवीण लोनकर इस साजिश के संचालन में मदद कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, फायरिंग की घटना से पहले हमलावरों ने कई दिनों तक इलाके की रेकी की थी। इसके बाद सही मौके का इंतजार किया गया और रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की गई। इस घटना के बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी जांच के आधार पर संदिग्ध लोगों की पहचान की। इसके बाद अलग-अलग राज्यों में छापेमारी कर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
अब तक इस मामले में पुणे, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें मुख्य शूटर समेत कई लोग शामिल हैं। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि हमले में इस्तेमाल किए गए हथियार और वाहन अलग-अलग जगहों से जुटाए गए थे। इस पूरे नेटवर्क को एक संगठित अपराध गिरोह से जोड़कर देखा जा रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 March 2026 6:48 PM IST












