सब्सिडी ने बदली नीरज की किस्मत, जरबेरा की खेती से हर साल लाखों की कमाई

सब्सिडी ने बदली नीरज की किस्मत, जरबेरा की खेती से हर साल लाखों की कमाई
उत्तर प्रदेश में सरकारी योजनाओं के सहारे किसान अब पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर आधुनिक और लाभकारी खेती की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। बाराबंकी जिले के युवा किसान नीरज पटेल इसकी एक मिसाल बनकर उभरे हैं। राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत मिली सब्सिडी और तकनीकी सहयोग से उन्होंने पॉलीहाउस में जरबेरा फूलों की खेती शुरू कर न सिर्फ अपनी आय बढ़ाई, बल्कि आसपास के लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा किए हैं।

लखनऊ, 16 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में सरकारी योजनाओं के सहारे किसान अब पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर आधुनिक और लाभकारी खेती की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। बाराबंकी जिले के युवा किसान नीरज पटेल इसकी एक मिसाल बनकर उभरे हैं। राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत मिली सब्सिडी और तकनीकी सहयोग से उन्होंने पॉलीहाउस में जरबेरा फूलों की खेती शुरू कर न सिर्फ अपनी आय बढ़ाई, बल्कि आसपास के लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा किए हैं।

नीरज पटेल ने पढ़ाई पूरी करने के बाद खेती को ही अपना पेशा बनाने का निर्णय लिया। उनके परिवार में पहले से पारंपरिक खेती होती थी, लेकिन नीरज कुछ नया और लाभकारी करना चाहते थे। इसी दौरान उद्यान विभाग के एक कार्यक्रम में उन्हें जरबेरा फूलों की खेती और पॉलीहाउस तकनीक के बारे में जानकारी मिली।

यह जानकारी उनके जीवन का टर्निंग प्वाइंट साबित हुई और उन्होंने आधुनिक तरीके से फूलों की खेती शुरू करने का फैसला किया। सरकार की राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजना के तहत उन्हें वर्ष 2018 में करीब 29.5 लाख रुपए का ऋण मिला और बाद में 50 प्रतिशत सब्सिडी का लाभ भी मिला। इसके सहारे उन्होंने अपने लगभग एक एकड़ खेत में पॉलीहाउस स्थापित किया, जिसकी कुल लागत करीब 70 से 75 लाख रुपए आई।

सरकारी सहायता मिलने से इस महंगी तकनीक को अपनाना उनके लिए संभव हो पाया। आज नीरज के पॉलीहाउस में करीब 25 हजार जरबेरा के पौधे लगे हैं। एक बार लगाए गए ये पौधे लगभग छह वर्षों तक उत्पादन देते हैं। पॉलीहाउस में आधुनिक ड्रिप सिंचाई प्रणाली के माध्यम से पौधों को बूंद-बूंद पानी दिया जाता है, जिससे पानी की बचत होती है और उत्पादन की गुणवत्ता भी बेहतर रहती है।

जरबेरा फूलों की बाजार में लगातार मांग बनी रहती है। शादी-विवाह, सजावट और विभिन्न आयोजनों में इन फूलों का बड़े पैमाने पर उपयोग होता है, जिससे उनकी बिक्री में कोई कठिनाई नहीं होती।

नीरज बताते हैं कि सभी खर्च निकालने के बाद उन्हें सालाना करीब 8 से 10 लाख रुपए की शुद्ध आय हो जाती है। नीरज पटेल की पहल से उनके गांव के अन्य किसान भी प्रेरित हो रहे हैं और पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर आधुनिक व उच्च लाभ वाली खेती की ओर रुख कर रहे हैं। उनकी यह सफलता सरकारी योजनाओं के सही उपयोग और आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रभावी प्रयोग का उदाहरण बनकर सामने आई है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 March 2026 6:50 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story