रुद्रप्रयाग में लाइब्रेरी के लिए जुटाई जा रही किताबें, प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकों पर विशेष जोर विशाल मिश्रा
रुद्रप्रयाग, 12 सितंबर (आईएएनएस)। जिला मजिस्ट्रेट विशाल मिश्रा ने बताया कि जिले में प्रस्तावित लाइब्रेरी के लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से 150 से अधिक किताबें उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने बताया कि इन सभी पुस्तकों की सूची तैयार कर ली गई है और जल्द ही इन्हें लाइब्रेरी में व्यवस्थित तरीके से स्थापित किया जाएगा। लाइब्रेरी को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बनाने के साथ ही यहां पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि पुस्तक दान अभियान के तहत अलग-अलग लोगों और लेखकों की ओर से विभिन्न विषयों की किताबें उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें ह्यूमैनिटीज, आध्यात्मिक विषयों और अन्य क्षेत्रों से संबंधित पुस्तकों की संख्या अधिक है, जबकि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ी किताबों की संख्या अपेक्षाकृत कम है। ऐसे में अब प्रशासन की प्राथमिकता उन पुस्तकों को उपलब्ध कराना है, जिनकी विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सबसे अधिक जरूरत है।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों से भी पूछा जा रहा है कि लाइब्रेरी में उनके अनुसार किन किताबों का होना जरूरी है। बच्चों की मांग के आधार पर पुस्तकों की सूची तैयार की जा रही है। प्राप्त पुस्तकों की छंटाई और सूची से मिलान का काम किया जा रहा है। जो उपयोगी प्रतियोगी परीक्षा की किताबें पहले से प्राप्त नहीं हुई हैं, उन्हें प्रशासन की ओर से खरीदने की तैयारी की जा रही है।
विशाल मिश्रा ने स्पष्ट किया कि पुस्तक दान के तहत जो किताबें प्राप्त हुई हैं, उन्हें लाइब्रेरी में शामिल किया जाएगा, लेकिन मूल उद्देश्य विद्यार्थियों की जरूरत के अनुरूप पुस्तकें उपलब्ध कराना है। इसलिए दान में मिली किताबों के अलावा आवश्यक पुस्तकों की खरीद भी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से भी करीब 150 किताबें उपलब्ध कराई गई हैं। प्रशासन का प्रयास है कि लाइब्रेरी में पुस्तकों का ऐसा संग्रह तैयार हो, जिससे बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी मदद मिल सके। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पढ़ाई करने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर अपने भविष्य को मजबूत बनाने की अपील की।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   12 Sept 2026 4:07 PM IST












