रूस और अन्य गैस निर्यातक देशों के साथ सहयोग बढ़ाएगा ईरान हामिद बोवार्ड

तेहरान, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। ईरान गैस के क्षेत्र में रूस और गैस निर्यातक देशों के मंच (जीईसीएफ) सदस्य देशों के साथ सहयोग बढ़ाने की तैयारी में है। ईरान के कार्यवाहक तेल मंत्री हामिद बोवार्ड ने कहा कि फोकस फील्ड डेवलपमेंट और निर्यात नीतियों में तालमेल पर रहेगा, जिस पर मॉस्को में होने वाले शिखर सम्मेलन में चर्चा होगी।
इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी (आईआरएनए) के अनुसार, मंत्री हामिद रविवार को मॉस्को रवाना हुए। वे गैस निर्यातक देशों के मंच (जीईसीएफ) के राष्ट्राध्यक्षों और सरकार प्रमुखों के आठवें शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। मंत्री हामिद ने कहा है कि गैस क्षेत्र में सहयोग का मुख्य फोकस गैस क्षेत्रों के विकास, गैस विनिमय और निर्यात नीतियों में बेहतर समन्वय पर होगा।
उन्होंने कहा कि ईरान इस सम्मेलन में अपने विचार और प्राथमिकताएं पेश करेगा। इसके साथ ही विभिन्न देशों के मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें कर सहयोग बढ़ाने के मुद्दों पर चर्चा करेगा।
बोवार्ड के मुताबिक, सम्मेलन में युद्ध के दौरान ऊर्जा ढांचे की सुरक्षा, गैस विनिमय को बढ़ावा देने, एक साझा गैस बाजार की संभावनाओं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निर्यात नीतियों में तालमेल जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ईरान के रूस की ऊर्जा कंपनियों के साथ अच्छे संबंध हैं। गैस और ऊर्जा क्षेत्रों के विकास के लिए उनसे कई समझौते किए गए हैं और दोनों देशों के बीच गैस विनिमय को लेकर भी बातचीत चल रही है।
आईआरएनए के अनुसार, बोवार्ड ईरानी राष्ट्रपति के साथ शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए मॉस्को गए हैं। इसके अलावा वह मंच की 28वीं मंत्रिस्तरीय बैठक में भी शामिल होंगे, जो सोमवार को आयोजित होगी। इसके एक दिन बाद राष्ट्राध्यक्षों और सरकार प्रमुखों की बैठक होगी।
रविवार को जीईसीएफ की कार्यकारी बोर्ड बैठक भी आयोजित होने वाली थी, जिसकी अध्यक्षता अंतरराष्ट्रीय मामलों और व्यापार के लिए ईरान के उप तेल मंत्री अली-मोहम्मद मौसवी करेंगे। इसी दिन वरिष्ठ अधिकारियों की विशेष बैठक भी प्रस्तावित थी।
इन बैठकों का एक प्रमुख उद्देश्य शिखर सम्मेलन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों को अंतिम रूप देना है, जिसमें सम्मेलन की अंतिम घोषणा भी शामिल है।
आईआरएनए के अनुसार, गैस निर्यातक देशों का यह अंतर-सरकारी मंच दुनिया के गैस उत्पादक और निर्यातक देशों को एक साथ लाता है। यहां गैस बाजार की स्थिति, ऊर्जा सुरक्षा, मांग और आपूर्ति, एलएनजी (तरलीकृत प्राकृतिक गैस) के रुझान और निवेश की जरूरतों जैसे विषयों पर चर्चा की जाती है।
इस मंच के 12 पूर्ण सदस्य देशों के पास दुनिया के कुल प्रमाणित प्राकृतिक गैस भंडार का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा है। ये देश वैश्विक व्यावसायिक गैस उत्पादन का करीब 38 प्रतिशत और दुनिया के कुल गैस निर्यात का लगभग 42 प्रतिशत हिस्सा रखते हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
