ममता बनर्जी के साथ है बंगाल की जनता, इस बार भी जीतेंगे सायोनी घोष
कोलकाता, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर टीएमसी सांसद सायोनी घोष ने भाजपा पर जोरदार निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा जीत का दावा सिर्फ दिखावा भर कर रही है। उन्होंने दावा किया कि बंगाल की जनता ममता बनर्जी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और चुनाव नतीजों में इस जनादेश की साफ झलक दिखाई देगी।
टीएमसी सांसद सायोनी घोष ने कहा कि सफेद साड़ी और चप्पल में ममता बनर्जी बंगाल की जनता के साथ है और जनता भी ममता दीदी के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही है।
कोलकाता में वोटिंग करने के बाद टीएमसी सांसद सायोनी घोष ने आईएएनएस से बातचीत की। उन्होंने कहा कि भाजपा को जीत का दावा तो करना ही है, वे आत्मविश्वास की कमी नहीं दिखा सकते। और यह उसी तरह का दिखावा है जिसका सहारा वे हमेशा से लेते आए हैं। बंगाल के लोगों के चेहरों पर साफ झलक रहा है कि वे एक बार फिर ममता दीदी को सत्ता में लाने के लिए तैयार है। बंगाल के लोगों का मिजाज यही है कि वे ममता बनर्जी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। और जब नतीजे आएंगे, तो उसमें लोगों के जनादेश की स्पष्ट झलक दिखाई देगी।
केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती पर टीएमसी सांसद सायोनी घोष ने कहा कि भाजपा बहुत अच्छी तरह जानती है कि कैसे अपने हिसाब से एक सुंदर कहानी गढ़ी जाए। हम निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनावों के पक्ष में हैं, और हमें हिंसा करने की कोई जरूरत नहीं है क्योंकि बंगाल की जनता ममता बनर्जी के साथ है। आज पश्चिम बंगाल में जिस तरह के हालात आप देख रहे हैं, जैसे हजारों की संख्या में सीआरपीएफ मौजूद है, तो मैं तो बस यही कह रही थी कि अब तो बस एयर फोर्स और नेवी का आना ही बाकी रह गया है। यहां टैंक मौजूद हैं, ऐसा लग रहा है मानो बंगाल में युद्ध जैसी स्थिति हो। भाजपा के हाथों उनके हाथ से जमीन खिसक चुकी है, ममता बनर्जी लड़ेंगी और जीतेंगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग हर मुमकिन कोशिश कर रहे हैं कि बंगाल की सत्ता में दाखिल हो जाए। एजेंसियों का गलत इस्तेमाल किया गया। चुनाव से कुछ समय पहले एसआईआर कराया गया। असली वोटरों के नाम लिस्ट से हटाने से लेकर वोटरों को डराने-धमकाने तक सब शामिल है। वे हर तरीका आजमा रहे हैं,हमारे अधिकारियों का तबादला करना, उत्तर प्रदेश, गुजरात और मध्य प्रदेश से ऐसे पर्यवेक्षकों को तैनात करना जो हमारी भाषा नहीं जानते, जिनका लोगों से कोई जुड़ाव नहीं है, जिन्हें हमारी संस्कृति की कोई समझ नहीं है, और जिन्हें किसी भी स्थिति चाहे वह चुनावी हो, राजनीतिक हो या सामाजिक की कोई जानकारी नहीं है। लेकिन, कोई बात नहीं सफेद साड़ी और चप्पल में ममता बनर्जी जनता के साथ है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 April 2026 2:45 PM IST












