सम्राट सरकार के 100 दिन एनडीए की अहम बैठक में संगठन-सरकार के बीच तालमेल और विकास पर मंथन
पटना, 10 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर राजधानी पटना स्थित लोक सेवक आवास में एनडीए की महत्वपूर्ण बैठक हुई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में एनडीए के सभी सहयोगी दलों के जिला अध्यक्षों, मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। बैठक में सरकार के अब तक के कामकाज की समीक्षा, संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय, विकास योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के बाद बिहार सरकार के कई मंत्रियों ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि सरकार विकास के एजेंडे पर आगे बढ़ रही है और एनडीए मिलकर बिहार को विकसित एवं समृद्ध राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
बिहार सरकार के मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि एनडीए के सभी घटक दल मिलकर काम करेंगे और पिछले दो दशकों में गठबंधन सरकार ने बिहार के विकास के लिए जो कार्य किए हैं, उसी गति को आगे भी जारी रखा जाएगा। बिहार को केंद्र सरकार का सहयोग लगातार मिल रहा है और इसी सहयोग के बल पर विकास की गति और तेज होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि एनडीए मिलकर बिहार को एक समृद्ध और विकसित राज्य बनाने में सफल होगा।
मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि बैठक में एनडीए के सभी घटक दलों के जिला अध्यक्ष मौजूद थे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उनसे सरकार के कार्यों को लेकर विस्तृत फीडबैक लिया और जमीनी स्तर की चुनौतियों को समझने का प्रयास किया। बैठक के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी पहुंचे और उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। नीतीश कुमार ने कहा कि पिछले 20 वर्षों में बिहार ने विकास की नई दिशा हासिल की है और अब सभी कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार का पूरा सहयोग करना चाहिए ताकि राज्य विकास के नए आयाम स्थापित कर सके।
मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा विकास योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना था। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बैठक में उपस्थित सभी लोगों को बधाई दी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पीठ थपथपाते हुए कहा कि वे बिहार का अच्छा नेतृत्व कर रहे हैं और आगे भी इसी तरह काम करते रहें। मुख्यमंत्री ने जिला अध्यक्षों से विस्तार से फीडबैक लिया और जहां भी समस्याएं हैं, उन्हें लिखित रूप में देने को कहा ताकि उनका समाधान किया जा सके।
मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि बैठक का प्रमुख विषय सरकार और संगठन के बीच आपसी सद्भाव और बेहतर समन्वय बनाए रखना था। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों को निर्देश दिया है कि वे अपने प्रभार वाले जिलों में नियमित रूप से रात्रि विश्राम करें, जिला अध्यक्षों के साथ समन्वय बनाकर रखें और जनता की समस्याओं को सीधे सुनें। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी कार्यकर्ताओं से अपील की कि जिस प्रकार उन्होंने उन्हें वर्षों तक प्यार और सहयोग दिया, उसी प्रकार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को भी पूरा समर्थन दें, ताकि बिहार को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाया जा सके।
मंत्री लखेंद्र पासवान ने बैठक को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सरकार और संगठन के बीच तालमेल को मजबूत करने के लिए सभी जिला अध्यक्षों को बुलाकर उनके सुझाव सुने। उन्होंने कहा कि इन सुझावों को केवल कागजों तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उन्हें धरातल पर लागू किया जाएगा ताकि आम जनता को विकास का सीधा लाभ मिल सके। यदि किसी अधिकारी की कार्यशैली को लेकर जिला अध्यक्षों से नकारात्मक फीडबैक मिलता है, तो सरकार उस पर भी गंभीरता से विचार करेगी और आवश्यक कार्रवाई करेगी। सरकार और संगठन मिलकर विकसित, समृद्ध, सशक्त और मजबूत बिहार बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
बैठक के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी अच्छा काम कर रहे हैं और सभी कार्यकर्ताओं को उनके साथ मजबूती से खड़ा रहना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरे बिहार में सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया और कहा कि विकसित बिहार का सपना तभी साकार होगा जब सरकार और संगठन मिलकर पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   10 July 2026 7:39 PM IST











