संघ बढ़ रहा है, लेकिन संगठन में अच्छे इंसानों की हो रही कमी कैलाश विजयवर्गीय
भोपाल, 26 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने संघ को लेकर कहा है कि संगठन तो बड़ा हो रहा है, लेकिन अच्छे इंसानों की कमी होती जा रही है। उन्होंने कहा कि कई अधिकारी कहते हैं कि वे पहले शाखा में जाते थे।
कैलाश विजयवर्गीय भोपाल के मानस भवन में संस्था नवलय द्वारा आयोजित श्री शालिग्राम तोमर स्मृति राष्ट्रसेवी सम्मान समारोह में बोल रहे थे। इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी शामिल हुए थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, "हम सरकार में हैं तो कोई भी अधिकारी आता है और अपने संघ से जुड़ाव और शाखा की बात करता है। सरकार आने के बाद सब संघ के हो गए? एक अधिकारी ने कहा कि मेरे पिताजी तो शाखा में अध्यक्ष थे, लेकिन उन्हें क्या पता कि शाखा में अध्यक्ष होता ही नहीं।"
उन्होंने यह भी कहा कि संघ में बहुत भीड़ हो गई है और इस भीड़ में अच्छे इंसानों की कमी है। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल कुछ लोगों के नाम गिनाते हुए कहा कि ऐसे इंसानों की कमी होती जा रही है। संगठन बढ़ रहा है, कहने के लिए विचारधारा भी बढ़ रही है, लेकिन अगर अच्छे इंसान नहीं होंगे तो इस विचारधारा का महत्व क्या रह जाएगा, इस पर हमें चिंतन करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि आज भी कई अधिकारी यह बताने का प्रयास करते हैं कि उन्होंने भी संघ की ड्रेस पहनी है।
वहीं, इस कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक स्वर्गीय शालिग्राम तोमर जी की स्मृति में आज भोपाल में नवलय संस्था द्वारा आयोजित समारोह में अभाविप में साथ काम करने वाले कई कार्यकर्ता बंधुओं से मिलकर पुरानी स्मृतियां जीवंत हो गईं। राष्ट्र सेवा ही शालिग्राम जी के जीवन का ध्येय था। उन्होंने अनेक कार्यकर्ता तैयार किए। उनके आदर्श जीवन से लाखों युवाओं ने प्रेरणा ली।"
उन्होंने आगे लिखा, "समारोह में समाजसेवी सदाशिव देवधर (पुणे) और अरविंद मोघे को शालिग्राम तोमर स्मृति राष्ट्रसेवी सम्मान तथा 1-1 लाख रुपए की सम्मान राशि प्रदान की गई।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 Jun 2026 11:38 PM IST












