सरायकेला में आभूषण कारोबारी के घर डकैती का खुलासा, 24 लाख के गहने बरामद, दो गिरफ्तार
सरायकेला, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल में आभूषण कारोबारी उमंग चौधरी के घर हुई डकैती के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर धनबाद जिले के बरोरा थाना क्षेत्र से करीब 24 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चांडिल निवासी राहुल कुमार महतो और त्रिवेणी प्रसाद स्वर्णकार के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, त्रिवेणी पर लूटे गए आभूषण खरीदने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, 9 और 10 अक्टूबर की मध्यरात्रि अपराधियों ने चांडिल बस स्टैंड के पास स्थित उमंग चौधरी के घर में घुसकर परिवार के सदस्यों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया था। इसके बाद वे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की। पुलिस का आरोप है कि राहुल कुमार महतो एक कूरियर कंपनी में घर-घर सामान पहुंचाने का काम करता था। इसी दौरान उसने उमंग चौधरी के घर की रेकी की और डकैती की साजिश में शामिल अन्य लोगों को वहां की जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2022-23 में जमशेदपुर की घाघीडीह जेल में रहने के दौरान राहुल की मुलाकात कथित तौर पर मोहिउद्दीन अंसारी और सुबराती अंसारी से हुई थी। इस मामले में उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने त्रिवेणी प्रसाद स्वर्णकार की निशानदेही पर 5.142 किलोग्राम गला हुआ चांदी, 80 ग्राम गला हुआ सोना, ब्रिटिशकालीन चांदी के 32 सिक्के, चांदी के दो स्वास्तिक और ब्रेसलेट से निकाले गए 11 छोटे हीरे जैसे पत्थर बरामद किए हैं। इसके अलावा दो मोबाइल फोन और एक हीरो होंडा मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
बरामद सामान की कुल कीमत करीब 24 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, इस डकैती कांड से जुड़े पांच अन्य संदिग्धों को चौपारण थाना क्षेत्र में दर्ज एक दूसरे मामले में पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। पुलिस अब डकैती में शामिल अन्य लोगों और लूटे गए शेष सामान का पता लगाने में जुटी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 Oct 2026 7:45 PM IST












