सेहत का पावरहाउस है खीरा, चेहरे से लेकर पेट के लिए लाभकारी
नई दिल्ली, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। गर्मियों की शुरुआत के साथ ही खीरा दिनचर्या में शामिल हो जाता है। ताजगी से भरा और ठंडा खाने का मन करने की वजह से खीरा गर्मियों में सभी को पसंद आता है, लेकिन यह सिर्फ स्वाद में ताजगी देने वाला नहीं, बल्कि सेहत का पावरहाउस है।
प्रकृति मौसम के हिसाब से हमें ऐसे फल और सब्जियां देती है, जो हमारी सेहत के लिए सबसे ज्यादा फायदेमंद होते हैं। उन्हीं में से एक है खीरा।
आयुर्वेद में खीरा शीतल और पित्तशानक माना गया है। यह शरीर को हाइड्रेट रखने में भी मदद करता है और सबसे जरूर खीरे के सेवन से शरीर से विषाक्त पदार्थ आसानी से बाहर निकल जाते हैं। इसमें भरपूर पानी और जरूरी पोषक तत्व होते हैं जो शरीर को अंदर से हेल्दी बनाते हैं। गर्मियों में खीरे के सेवन से लू नहीं लगती है और शरीर का तापमान भी संतुलित बना रहता है। यह पाचन को भी सही रखने में मदद करता है और त्वचा के लिए भी लाभकारी होता है।
खीरे में 85-96 फीसदी तक पानी होता है, जो गर्मियों में शरीर को हाइड्रेटेड रखता है। गर्मियों में तापमान बढ़ने के साथ ही शरीर में पानी की जरूरत भी बढ़ जाती है। ऐसे में खीरे का सेवन शरीर में पानी की मात्रा को बढ़ाता है। खीर में विटामिन ए, सी, के, और मिनरल्स भी पाए जाते हैं। यह इम्यूनिटी और ओवरऑल हेल्थ के लिए भी लाभकारी है।
खीरे के सेवन से पाचन अच्छा रहता है। खीरे में बहुत ज्यादा फाइबर होता है, जो पेट को शुष्क होने से बचाता है और गैस-कब्ज जैसी परेशानी कम होती है। खीरे में मौजूद पोटेशियम ब्लड प्रेशर कंट्रोल करने में भी मदद करता है। इसके साथ ही खीरा स्किन के लिए अच्छा है। यह चेहरे को नेचुरल ग्लो देता है और नाखून और बालों को चमकदार बनाने में मदद करता है।
अब सवाल है कि खीरे को आहार में कैसे शामिल करें। सुबह की शुरुआत खीरे के जूस से कर सकते हैं। इसके लिए खीरा, पुदीना और धनिए के पत्ते को मिलाकर जूस बना लें। छानकर खाली पेट पीने से शरीर को बहुत सारे फायदे मिलेंगे। इसके अलावा, खीरे की चाट बनाकर भी खाई जा सकती है। हालांकि इसे खाने के साथ न लेकर खाने से एक घंटे पहले लें।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 April 2026 3:07 PM IST












