शंकर आई हॉस्पिटल से मिथिलांचल और नेपाल के लोगों को मिलेगा इलाज गिरिराज सिंह

शंकर आई हॉस्पिटल से मिथिलांचल और नेपाल के लोगों को मिलेगा इलाज गिरिराज सिंह
सहरसा नगर निगम क्षेत्र के महावीर नगर में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस 100 बेड वाले शंकर आई हॉस्पिटल का उद्घाटन किया गया। इस अस्पताल में 75 प्रतिशत मरीजों को पूरी तरह मुफ्त इलाज मिलेगा।

सहरसा, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। सहरसा नगर निगम क्षेत्र के महावीर नगर में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस 100 बेड वाले शंकर आई हॉस्पिटल का उद्घाटन किया गया। इस अस्पताल में 75 प्रतिशत मरीजों को पूरी तरह मुफ्त इलाज मिलेगा।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यह अस्पताल न सिर्फ सहरसा, बल्कि पूरे मिथिलांचल क्षेत्र के लिए है। यहां तक कि नेपाल के लोगों को भी इस अस्पताल से लाभ मिलेगा।

भाजपा सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि सहरसा में अस्पताल का उद्घाटन हो गया है। यह अस्पताल न सिर्फ बिहार को बल्कि पश्चिम बंगाल और पूरे देश में आंखों की बीमारियों से पीड़ित लोगों को बहुत फायदा पहुंचाएगा। आंखों की समस्याओं से राहत देने और नजर से जुड़ी बीमारियों का इलाज करने वाला सहरसा का यह केंद्र एक प्रमुख केंद्र के तौर पर काम करेगा।

सांसद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि सहरसा के भेरधारी में 'श्री कांची कामकोटि गुरुपरंपरा शंकरा नेत्र चिकित्सालय' के भव्य उद्घाटन समारोह में शामिल हुआ। स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और हर व्यक्ति तक आधुनिक इलाज पहुंचाने के संकल्प के साथ इस अस्पताल की शुरुआत की गई है। यह अस्पताल न केवल सहरसा, बल्कि पूरे क्षेत्र के नागरिकों के लिए स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक बड़ा वरदान साबित होगा। बेहतर स्वास्थ्य और जन-सेवा के प्रति हमारा यह प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

शंकराचार्य शंकर विजयेंद्र सरस्वती ने बताया कि यह देश का 20वां शंकर नेत्र अस्पताल है और बिहार में स्थापित होने वाला पहला है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पटना के कंकड़बाग में भी जल्द ही एक और नेत्र अस्पताल शुरू किया जाएगा। स्थानीय स्तर पर इस पहल को स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

बता दें कि सहरसा में इस अस्पताल को ‘कन्नोली-विजन सेवर प्रोजेक्ट’ के तहत स्थापित किया गया है। इसका उद्देश्य क्षेत्र में नेत्र चिकित्सा की कमी को दूर करना है। इस परियोजना को आरईसी लिमिटेड के सीएसआर फंड और स्थानीय श्रीनारायण मेडिकल इंस्टीट्यूट एंड हॉस्पिटल के सहयोग से साकार किया गया है।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, यहां 75 प्रतिशत मरीजों को पूरी तरह मुफ्त इलाज प्रदान किया जाएगा, जबकि शेष 25 प्रतिशत सेवाओं के लिए न्यूनतम शुल्क लिया जाएगा। यह क्रॉस-सब्सिडी मॉडल गरीब और वंचित वर्ग के लोगों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के लिए अपनाया गया है। खासतौर पर मोतियाबिंद जैसी बीमारियों की सर्जरी यहां प्राथमिकता से की जाएगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   30 April 2026 6:25 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story