शेखपुरा में 'मिशन राशन कार्ड' अभियान शुरू, कोई गरीब न छूटे, हर जरूरतमंद तक पहुंचेगा अनाज

शेखपुरा में मिशन राशन कार्ड अभियान शुरू, कोई गरीब न छूटे, हर जरूरतमंद तक पहुंचेगा अनाज
जिले में कोई भी पात्र परिवार राशन योजना के लाभ से वंचित न रहे, इसे सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने नए राशन कार्ड बनाने का विशेष अभियान शुरू कर दिया है। इस अभियान को मिशन मोड में चलाया जाएगा और 13 अगस्त तक प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य के अनुसार, नए राशन कार्ड जारी किए जाएंगे। इसे लेकर समाहरणालय स्थित मंथन सभागार में अपर समाहर्ता लखींद्र पासवान की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

शेखपुरा, 18 जुलाई (आईएएनएस)। जिले में कोई भी पात्र परिवार राशन योजना के लाभ से वंचित न रहे, इसे सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने नए राशन कार्ड बनाने का विशेष अभियान शुरू कर दिया है। इस अभियान को मिशन मोड में चलाया जाएगा और 13 अगस्त तक प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य के अनुसार, नए राशन कार्ड जारी किए जाएंगे। इसे लेकर समाहरणालय स्थित मंथन सभागार में अपर समाहर्ता लखींद्र पासवान की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, नगर कार्यपालक पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और आपूर्ति विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य केवल निर्धारित लक्ष्य हासिल करना नहीं, बल्कि उन गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक राशन सुविधा पहुंचाना है जो अब तक इस अधिकार से वंचित हैं।

अपर समाहर्ता लखींद्र पासवान ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राशन कार्ड केवल एक सरकारी दस्तावेज नहीं, बल्कि गरीब परिवारों के लिए दो वक्त की रोटी का आधार है, इसलिए किसी भी पात्र व्यक्ति को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और सभी आवेदनों का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निपटारा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से प्रशासनिक जिम्मेदारी के साथ मानवीय संवेदनशीलता अपनाने की भी अपील की।

खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार के निर्देशों के अनुरूप जिले में प्रतिदिन नए राशन कार्ड जारी करने का लक्ष्य तय किया गया है। आंकड़ों के अनुसार, शेखपुरा जिले में कुल 5 लाख 34 हजार 385 लाभार्थियों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली का लाभ दिया जाना है। वर्तमान में 5 लाख 7 हजार 790 लाभार्थी इस योजना का लाभ उठा रहे हैं। शेष 26 हजार 595 पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

प्रशासन ने जिले में कुल 6,258 नए राशन कार्ड जारी करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके तहत प्रतिदिन 209 नए राशन कार्ड निर्गत किए जाएंगे। प्रखंडवार लक्ष्य भी तय कर दिए गए हैं। अरियरी में 37, बरबीघा में 45, चेवाड़ा में 24, घाटकुसुम्भा में 16, शेखपुरा प्रखंड में 65 तथा शेखोपुरसराय में 22 राशन कार्ड प्रतिदिन जारी किए जाएंगे।

बैठक में यह भी बताया गया कि आम नागरिकों की सुविधा के लिए 'स्मार्ट पीडीएस पोर्टल' के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था उपलब्ध है, जिससे लोग बिना किसी परेशानी के नए राशन कार्ड के लिए आवेदन कर सकते हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   18 July 2026 6:15 PM IST

Tags

Next Story