सोफी एक्लेस्टोन ने रचा इतिहास, महिला टी20 विश्व कप में बनीं सर्वाधिक विकेट लेने वाली स्पिनर
लंदन, 3 जुलाई (आईएएनएस)। महिला टी20 विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने साउथ अफ्रीका को 40 रनों से हराया। इंग्लैंड ने पांचवीं बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल का टिकट हासिल किया है। इंग्लिश स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन का प्रदर्शन एक बार फिर शानदार रहा और उन्होंने 4 ओवर में महज 21 रन देकर एक विकेट हासिल किया।
एक्लेस्टोन ने सेमीफाइनल मुकाबले में क्लो ट्रायोन को बेहतरीन गेंद पर क्लीन बोल्ड करने के साथ ही इतिहास रचा। वह महिला टी20 विश्व कप में अब सर्वाधिक विकेट लेने वाली स्पिन गेंदबाज बन गई हैं। एक्लेस्टोन टी20 वर्ल्ड कप में अब तक 38 विकेट चटका चुके हैं। उन्होंने इस मामले में न्यूजीलैंड की कप्तान अमेलिया केर को पीछे छोड़ा। केर ने टी20 वर्ल्ड कप में कुल 37 विकेट निकाले हैं।
वहीं, इस लिस्ट में वेस्टइंडीज की गेंदबाज स्टेफनी टेलर 33 विकेट के साथ तीसरे नंबर पर हैं। एक्लेस्टोन टी20 विश्व कप 2026 में खेले अब तक 6 मुकाबलों में 9 विकेट ले चुकी हैं। इस दौरान उनका इकोनॉमी सिर्फ 5.79 का रहा है। बीच के ओवरों में उन्होंने लगभग हर मुकाबले में विपक्षी टीम के बल्लेबाजों पर अपनी किफायती गेंदबाजी से दबाव डाला है, जिसका फायदा इंग्लैंड टीम को मिला है।
सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 169 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान नेट साइवर-ब्रंट ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों पर 75 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस आतिशी पारी के दौरान इंग्लिश कप्तान ने 11 चौके और एक छक्का लगाया।
वहीं, हीथर नाइट ने 47 गेंदों में 58 रनों का योगदान दिया। हालांकि, इसके जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 129 रन ही बना सकी। टीम की ओर से ताजमिन ब्रिट्स ने सर्वाधिक 51 रन बनाए। हालांकि, उन्हें दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका। गेंदबाजी में इंग्लैंड की तरफ से लॉरेन बेल और चार्ली डीन ने दो-दो विकेट चटकाए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 July 2026 7:27 AM IST












