श्रीलंका इलेवन के खिलाफ देवदत्त पड्डिकल का शतक, जायसवाल और पंत रहे फ्लॉप
कोलंबो, 8 अगस्त (आईएएनएस)। भारत और श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के बीच तीन दिवसीय वॉर्म-अप मैच खेला जा रहा है। मैच के दूसरे दिन (शनिवार) को भारत की तरफ से बाएं हाथ के बल्लेबाज देवदत्त पड्डिकल ने शतक लगाया। शतक लगाने के बाद उन्हें रिटायर हर्ट कर दिया गया, ताकि दूसरे बल्लेबाजों को मौका दिया जा सके।
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे देवदत्त पड्डिकल ने वनडे फॉर्मेट के मुताबिक बल्लेबाजी की। पड्डिकल ने 121 गेंदों पर 14 चौकों की मदद से 103 रन की पारी खेली। इस शानदार पारी के बाद उन्हें रिटायर हर्ट कर दिया गया। भारतीय टीम मैनेजमेंट इस वॉर्म-अप मैच में दूसरे बल्लेबाजों को मौका देना चाहता है, इसलिए पड्डिकल को उनकी शानदार पारी के बाद वापस बुला लिया गया।
भारतीय पारी की शुरुआत करने के लिए यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल आए थे। जायसवाल अपना खाता नहीं खोल सके। उन्हें पारी की दूसरी ही गेंद पर विश्वा फर्नांडो ने आउट कर दिया। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत भी नहीं चले और 2 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद ध्रुव जुरेल भी 1 रन बनाकर आउट हो गए।
रिपोर्ट लिखे जाने तक भारतीय टीम ने पहली पारी में 54 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 199 रन बना लिए हैं। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए रवींद्र जडेजा 46 और मानव सुथार 5 रन बनाकर खेल रहे हैं।
इससे पहले दिन की शुरुआत में श्रीलंका इलेवन ने अपनी पहली पारी पहले दिन के स्कोर 8 विकेट पर 363 रन पर घोषित कर दी।
श्रीलंका की तरफ से निशान मदुशंका और रविन्दु रसंथा ने पहले विकेट के लिए 110 रन की साझेदारी की। पहले विकेट के रूप में मदुशंका 11 चौकों और 1 छक्के की मदद से 66 रन बनाकर आउट हुए। रसंथा ने 71 रन बनाए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए पसिंदु सोरियाबंदरा ने 35, चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए पवन रथनायके ने 39, पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए अहान विक्रमसिंघे ने 31, और छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए कप्तान सोनल दिनुशा ने 52 रन की पारी खेली। आठवें नंबर के बल्लेबाज रमेश मेंडिस ने भी 32 रन बनाए। इन्हीं पारियों की बदौलत श्रीलंका 8 विकेट पर 363 रन तक पहुंच सकी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 Aug 2026 3:42 PM IST












