श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में इन 5 भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर होंगी निगाहें
नई दिल्ली, 10 अगस्त (आईएएनएस)। वॉर्मअप मैच में शानदार जीत दर्ज करने के बाद भारतीय टीम श्रीलंका से दो मैचों की टेस्ट सीरीज में भिड़ने के लिए तैयार है। सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से खेला जाना है। आइए आपको उन पांच भारतीय खिलाड़ियों के नाम बताते हैं, जिनके प्रदर्शन पर इस सीरीज में खासतौर पर निगाहें होंगी।
देवदत्त पडिक्कल: साई सुदर्शन की गैरमौजूदगी में देवदत्त पडिक्कल के पास टेस्ट क्रिकेट में खुद को साबित करने का यह सुनहरा मौका होगा। वॉर्मअप मैच में 142 रनों की नाबाद पारी खेलकर पडिक्कल ने अपने इरादे पहले ही जाहिर कर दिए हैं। यही वजह है कि नंबर तीन की पोजीशन पर खेलने की तैयारी कर रहे पडिक्कल के प्रदर्शन पर हर किसी की नजरें रहेंगी।
ऋषभ पंत: भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को टेस्ट टीम में अपनी जगह बरकरार रखने के लिए इस सीरीज में बल्ले से दमदार प्रदर्शन करना होगा। पंत की हालिया फॉर्म को देखते हुए उनके सिलेक्शन पर कई तरह के सवाल खड़े किए जा रहे हैं। श्रीलंका के खिलाफ अगर दो मैचों की टेस्ट सीरीज में पंत का बल्ला खामोश रहता है, तो उनके लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
कुलदीप यादव: टीम इंडिया के स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव लगातार टीम से अंदर-बाहर होते रहे हैं। टेस्ट में अक्षर पटेल और रवींद्र जडेजा की मौजूदगी के चलते कुलदीप को ज्यादा मौके नहीं मिले हैं। वहीं, मानव सुथार और सारांश जैन के आने से मुकाबला और भी कड़ा हो गया है। ऐसे में प्लेइंग इलेवन में जगह मिलने पर कुलदीप अपनी फिरकी का कमाल दिखाना चाहेंगे।
मोहम्मद सिराज: वॉर्मअप मैच में सिर्फ 15 गेंदों में 32 रनों की धमाकेदार पारी खेलकर भारतीय टीम को जीत दिलाने वाले मोहम्मद सिराज को पिछले कुछ समय में काफी कम मौके मिले हैं। सिराज की हालिया फॉर्म भी कुछ खास नहीं रही है। हालांकि, भारतीय तेज गेंदबाज के पास इस सीरीज में अपनी अहमियत साबित करने का शानदार मौका होगा।
आकिब नबी: जम्मू-कश्मीर की ओर से भारतीय टेस्ट टीम में शामिल होने वाले पहले क्रिकेटर बने आकिब नबी को श्रीलंका के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज में बुमराह की जगह पर मौका मिला है। आकिब को अगर प्लेइंग इलेवन में जगह मिलती है, तो उनके प्रदर्शन पर सभी की नजरें रहेंगी। आकिब घरेलू क्रिकेट में कमाल का प्रदर्शन करके टीम इंडिया में पहुंचे हैं। उन्होंने रणजी ट्रॉफी के इस सीजन में खेले 10 मुकाबलों में 60 विकेट चटकाए थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   10 Aug 2026 2:46 PM IST












