स्टीव स्मिथ के नाम जुड़ी बड़ी उपलब्धि, यह मुकाम हासिल करने वाले बने तीसरे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज
गकेबरहा, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा टेस्ट मैच गकेबरहा के सेंट जॉर्ज पार्क स्टेडियम में खेला जा रहा है। स्टीव स्मिथ पहली पारी में 28 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, इस पारी के दौरान उन्होंने एक खास मुकाम हासिल कर लिया है।
स्टीव स्मिथ ने टेस्ट क्रिकेट में 11 हजार रन पूरे कर लिए हैं। स्मिथ ऑस्ट्रेलिया की ओर से यह मुकाम हासिल करने वाले महज तीसरे बल्लेबाज बने हैं। स्मिथ से पहले कंगारू टीम की ओर से यह उपलब्धि सिर्फ रिकी पोंटिंग और एलन बॉर्डर ही हासिल कर सके हैं। स्मिथ ने यह उपलब्धि अपने टेस्ट करियर के 126वें मैच में हासिल की। हालांकि, स्मिथ पहली पारी में अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके। वह 88 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 28 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 2 चौके लगाए।
ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों ने पहली पारी में साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाजों के आगे आसानी से घुटने टेक दिए और पूरी टीम महज 99 रन बनाकर ऑलआउट हुई। ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच हुए टेस्ट मैचों की एक पारी का यह चौथा न्यूनतम स्कोर है। टीम के पांच बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू सके। स्मिथ पहली इनिंग में ऑस्ट्रेलिया की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। वहीं, ट्रेविस हेड और मार्नस लाबुशेन ने 14-14 रनों का योगदान दिया, जबकि ब्यू वेबस्टर ने 13 रनों का योगदान दिया।
निक मैडिनसन बिना खाता खोले पवेलियन लौटे, जबकि मैट रेनशॉ 12 रन बनाने के बाद मार्को जानसन का शिकार बने। एलेक्स कैरी बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। साउथ अफ्रीका की तरफ से गेंदबाजी में मार्को जानसन ने 11 ओवर में 33 रन देकर 5 विकेट चटकाए। वहीं, कगिसो रबाडा और वियान मुल्डर ने दो-दो विकेट झटके। एनरिक नॉर्टजे ने एक विकेट चटकाया। साउथ अफ्रीका ने पहली पारी के आधार 326 रनों की बड़ी बढ़त हासिल की, जिसके चलते ऑस्ट्रेलिया को फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 Oct 2026 6:49 PM IST












