बिहार एमएलसी चुनाव अनंत सिंह ने फिर जन सुराज के अनुज सिंह की जीत का किया दावा

बिहार एमएलसी चुनाव अनंत सिंह ने फिर जन सुराज के अनुज सिंह की जीत का किया दावा
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव के प्रचार के अंतिम दिन जदयू विधायक अनंत सिंह ने एक बार फिर पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि वह चुनाव जीतने को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं और उन्हें भरोसा है कि मतदाता उनके प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करेंगे।

पटना, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव के प्रचार के अंतिम दिन जदयू विधायक अनंत सिंह ने एक बार फिर पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि वह चुनाव जीतने को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं और उन्हें भरोसा है कि मतदाता उनके प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करेंगे।

मीडिया से बातचीत के दौरान बुधवार को अनंत सिंह से जब चुनाव प्रचार के अंतिम दिन और जीत की संभावनाओं को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि वह पहले ही अपनी जीत का दावा कर चुके हैं। उन्होंने कहा, “हमने तो कह दिया है कि हम जीतेंगे। हम चुनाव जीतने को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं और चुनाव जीत रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि जनता ही भगवान है और वही चुनाव में अंतिम फैसला करती है। मतदाताओं के अधिकार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वोट जनता का है और उसे किसी दुकान से खरीदकर नहीं लाना है। उन्हें पूरा विश्वास है कि चुनाव में उनकी ओर से समर्थित प्रत्याशी को जीत मिलेगी।

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के सवाल पर भी अनंत सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले ही कहा था कि नीरज कुमार अस्पताल से डिस्चार्ज होकर बाहर आ जाएंगे। अनंत सिंह ने इस दौरान नीरज कुमार पर तंज कसते हुए उनके कथित टोटके का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस बार उनका टोटका भी काम नहीं करेगा।

हालांकि, नीरज कुमार के अस्पताल में भर्ती होने के कारणों के संबंध में उन्होंने कोई स्पष्ट जानकारी होने से इनकार किया। उन्होंने कहा, “वे टोटका करते हैं, लेकिन इस बार उनका टोटका भी काम नहीं करेगा। बिना किसी कारण के अस्पताल में भर्ती नहीं हुए हैं। वह सब हम नहीं जानते।”

बता दें कि पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव इस बार राजनीतिक रूप से चर्चा में है। एनडीए की ओर से जदयू नेता नीरज कुमार मैदान में हैं, जबकि जन सुराज ने अनुज सिंह को उम्मीदवार बनाया है। अनुज सिंह के समर्थन में अनंत सिंह के खुलकर सामने आने से मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन उनके इस दावे ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   21 Oct 2026 7:09 PM IST

Tags

Next Story