सूरत में घर खरीदना होगा महंगा, 15 जुलाई से फ्लैट्स के दामों में 5-10 प्रतिशत बढ़ोतरी की तैयारी
सूरत, 4 जुलाई (आईएएनएस)। सूरत में अपना घर खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए जल्द ही खर्च बढ़ सकता है। क्रेडाई सूरत ने संकेत दिया है कि 15 जुलाई से शहर के रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स की कीमतों में बढ़ोतरी की जाएगी। डेवलपर्स का कहना है कि निर्माण सामग्री की बढ़ती लागत और कुशल श्रमिकों की कमी के कारण यह फैसला लेना जरूरी हो गया है।
क्रेडाई सूरत के चेयरमैन संजय मांगुकिया ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि सूरत का रियल एस्टेट बाजार अब तक 'वैल्यू फॉर मनी' माना जाता रहा है, जहां डेवलपर्स का लाभ मार्जिन भी सीमित रहता है, लेकिन हाल के वैश्विक तनावों और अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव के चलते सीमेंट, स्टील और एल्युमिनियम जैसी जरूरी निर्माण सामग्री की कीमतों में तेजी से वृद्धि हुई है। इसी वजह से फ्लैट्स की कीमतों में लगभग 5 से 10 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया गया है, जो प्रोजेक्ट की स्थिति के आधार पर अलग-अलग हो सकती है।
क्रेडाई सूरत के अध्यक्ष डॉ. दिनेश पटेल ने बताया कि कंस्ट्रक्शन सेक्टर में लगभग 80 प्रतिशत तक प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग होता है। पिछले कुछ समय में एल्युमिनियम जैसी सामग्री की कीमतों में करीब 200 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है। इसके साथ ही टाइल्स और अन्य निर्माण सामग्री की सप्लाई चेन भी प्रभावित हुई है। देश के विभिन्न हिस्सों में चल रहे विकास कार्यों के कारण सूरत में कुशल श्रमिकों की उपलब्धता कम हो गई है, जिससे लेबर कॉस्ट में भी भारी बढ़ोतरी हुई है।
उन्होंने यह भी बताया कि गैस और अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण कई श्रमिक अपने गृह राज्यों की ओर लौट गए हैं। इस स्थिति में छोटे और मध्यम स्तर के बिल्डर्स के लिए प्रोजेक्ट्स को समय पर पूरा करना चुनौतीपूर्ण हो गया है और कुछ प्रोजेक्ट्स ठप होने की कगार पर हैं।
इस समस्या से निपटने के लिए अब डेवलपर्स पारंपरिक निर्माण तकनीकों के बजाय आधुनिक तकनीकों का सहारा ले रहे हैं। इसमें रेडी-मिक्स कंक्रीट और एल्युमिनियम फॉर्मवर्क जैसी तकनीकों का उपयोग बढ़ रहा है। हालांकि, इन आधुनिक तरीकों से निर्माण की गुणवत्ता और गति तो बेहतर हो रही है, लेकिन लागत भी बढ़ रही है, जिसका सीधा असर घरों की कीमतों पर पड़ रहा है।
क्रेडाई पदाधिकारियों ने सुझाव दिया है कि जिन परियोजनाओं का निर्माण कार्य आधा हो चुका है, वे अभी अपेक्षाकृत कम कीमत या सीमित बढ़ोतरी के साथ उपलब्ध हो सकती हैं, लेकिन आने वाले नए प्रोजेक्ट्स की कीमतें अधिक होने की संभावना हैं। ऐसे में घर खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए यह समय निर्णय लेने का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 July 2026 2:28 PM IST












