विहिप ने तीन विषयों को लेकर 'सांसद संपर्क अभियान' चलाया, 375 सांसदों से किया संवाद
नई दिल्ली, 28 मार्च (आईएएनएस)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के महामंत्री बजरंग बागड़ा ने शनिवार को बताया कि संगठन ने संसद के बजट सत्र के दौरान व्यापक ‘सांसद संपर्क अभियान’ चलाया, जिसके तहत कुल 375 सांसदों से संवाद किया गया।
उन्होंने बताया कि यह अभियान 29 राजनीतिक दलों के सांसदों तक पहुंचा, जिनमें भारतीय जनता पार्टी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, द्रविड़ मुनेत्र कझगम, तेलुगु देशम पार्टी, शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, वाईएसआर कांग्रेस पार्टी और जनता दल (यूनाइटेड) शामिल हैं।
विहिप के अनुसार, अभियान के दौरान कई प्रमुख गैर-भाजपा सांसदों जैसे कनिमोझी करुणानिधि, एच.डी. कुमारस्वामी और अन्य दलों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की गई। बागड़ा ने कहा कि चुनावी व्यस्तताओं के कारण कुछ सांसदों से संपर्क नहीं हो सका, लेकिन अभियान को व्यापक समर्थन मिला।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत सांसदों के समक्ष तीन प्रमुख विषय रखे गए। पहला विषय संविधान के अनुच्छेद 29 और 30 से जुड़ा था। विहिप ने अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थानों को मिलने वाले विशेष अधिकारों के क्रियान्वयन पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई संस्थानों में 90 से 95 प्रतिशत छात्र हिंदू समुदाय से होते हैं, इसके बावजूद उन्हें अल्पसंख्यक दर्जा प्राप्त है। संगठन ने ऐसे संस्थानों की समीक्षा और ‘अल्पसंख्यक’ की स्पष्ट परिभाषा तय करने की मांग की। साथ ही, इन संस्थानों में शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत 25 प्रतिशत आरक्षण लागू न होने को असंतुलन का कारण बताया।
दूसरा विषय जनसंख्या असंतुलन से संबंधित था। बागड़ा ने कहा कि देश में एक समान और प्रभावी जनसंख्या नीति की आवश्यकता है तथा जनसंख्या वृद्धि के लिए एक ‘आउटर लिमिट’ तय की जानी चाहिए। उन्होंने विभिन्न समुदायों के बीच जन्मदर के अंतर और अवैध घुसपैठ को भी चिंता का विषय बताया।
तीसरा विषय तीर्थस्थलों के विकास से जुड़ा था। उन्होंने कहा कि देश के पर्यटन में बड़ा हिस्सा तीर्थयात्राओं से संबंधित है, लेकिन इसके बावजूद इस क्षेत्र में बुनियादी ढांचे और सुविधाओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया है। विहिप ने पर्यटन मंत्रालय के अंतर्गत एक अलग ‘तीर्थाटन विभाग’ बनाए जाने का सुझाव दिया, ताकि कनेक्टिविटी, स्वच्छता और सुविधाओं में सुधार किया जा सके।
बागड़ा ने कहा कि इन मुद्दों पर कई सांसदों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है और उन्हें संबंधित मंचों पर उठाने का आश्वासन दिया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 March 2026 9:00 PM IST











