'द साबरमती रिपोर्ट' के बाद अब 'द टेरर रिपोर्ट' लेकर आ रहीं एकता कपूर, विष्णु वर्धन करेंगे निर्देशन
मुंबई, 24 मार्च (आईएएनएस)। साल 2002 के गोधरा कांड पर आधारित फिल्म 'द साबरमती रिपोर्ट' की सफलता के बाद निर्माता एकता कपूर नई फिल्म लेकर आ रही हैं। बालाजी टेलीफिल्म्स और एलिप्सिस एंटरटेनमेंट ने एक बड़ी राजनीतिक थ्रिलर फिल्म ‘द टेरर रिपोर्ट’ बनाने के लिए हाथ मिलाया है।
फिल्म का निर्देशन ‘शेरशाह’ फेम विष्णु वर्धन करेंगे। यह फिल्म वास्तविक घटनाओं पर आधारित होगी और भारत पर हुए आतंकी हमलों के साथ ही देश की ओर से दिए गए कड़े जवाबी हमलों को भी बड़े दिखाएगी। ‘द साबरमती रिपोर्ट’ की अगली कड़ी के रूप में यह फिल्म सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ भारत की लंबी लड़ाई को विस्तार से पेश करेगी।
मेकर्स के अनुसार, फिल्म में जांच की पेचीदगियां, खुफिया अभियान और हालिया सुरक्षा संबंधी घटनाओं को गहराई से दिखाया जाएगा। इस अनोखे सहयोग में बालाजी और एलिप्सिस की रचनात्मक ताकत और विष्णु वर्धन की शानदार निर्देशन शैली एक साथ नजर आएगी। निर्माताओं में एकता कपूर, शोभा कपूर, तनुज गर्ग और अतुल कसबेकर शामिल हैं।
फिल्ममेकर्स का मानना है कि यह प्रोजेक्ट न सिर्फ मनोरंजन करेगा, बल्कि देश की सुरक्षा और आतंकवाद विरोधी अभियानों के बारे में दर्शकों को जागरूक भी करेगा।
विष्णु वर्धन ने पहले ‘शेरशाह’ जैसी फिल्म से राष्ट्रीय स्तर पर सराहना बटोरी है। अब ‘द टेरर रिपोर्ट’ के जरिए वे एक बार फिर वास्तविक घटनाओं पर आधारित शक्तिशाली कहानी पेश करने जा रहे हैं। फिल्म की शूटिंग और रिलीज डेट की जानकारी जल्द ही जारी किए जाने की उम्मीद है।
वहीं, विक्रांत मैसी, राशी खन्ना और रिद्धि डोगरा स्टारर 'द साबरमती रिपोर्ट' साल 2024 में रिलीज हुई थी। यह फिल्म विवादास्पद रही और रिलीज के बाद कई राज्यों में टैक्स-फ्री घोषित की गई। टैक्स फ्री करने वाले राज्यों में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और ओडिशा शामिल हैं। इन राज्यों की सरकारों ने फिल्म को सामाजिक संदेश वाली फिल्म मानते हुए एंटरटेनमेंट टैक्स माफ किया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 March 2026 8:26 PM IST












