'उनकी जगह कोई नहीं ले सकता', आशा ताई के निधन पर 'इंडियन आइडल 16' के कंटेस्टेंट्स हुए भावुक

उनकी जगह कोई नहीं ले सकता, आशा ताई के निधन पर इंडियन आइडल 16 के कंटेस्टेंट्स हुए भावुक
भारतीय संगीत जगत की दिग्गज गायिका आशा भोसले के निधन के चलते पूरे देश में शोक है। उनकी आवाज ने दशकों तक हर उम्र के श्रोताओं को अपने सुरों से बांधे रखा। फिल्म सितारें, फैंस और रियलिटी शो 'इंडियन आइडल 16' के कंटेस्टेंट्स भी खुद को भावुक होने से रोक नहीं पाए। आईएएनएस संग बातचीत में उन्होंने बताया कि आशा ताई उनके लिए सिर्फ एक सिंगर नहीं, बल्कि एक प्रेरणा थीं।

नई दिल्ली, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय संगीत जगत की दिग्गज गायिका आशा भोसले के निधन के चलते पूरे देश में शोक है। उनकी आवाज ने दशकों तक हर उम्र के श्रोताओं को अपने सुरों से बांधे रखा। फिल्म सितारें, फैंस और रियलिटी शो 'इंडियन आइडल 16' के कंटेस्टेंट्स भी खुद को भावुक होने से रोक नहीं पाए। आईएएनएस संग बातचीत में उन्होंने बताया कि आशा ताई उनके लिए सिर्फ एक सिंगर नहीं, बल्कि एक प्रेरणा थीं।

आईएएनएस से बात करते हुए शो की कंटेस्टेंट अंशिका चौकर ने कहा, ''यह नुकसान मेरे लिए व्यक्तिगत तौर पर बहुत बड़ा है। आशा ताई जैसी गायिका दूसरी नहीं हो सकती। एक सिंगर होने के नाते मैं इस दुख को और गहराई से महसूस कर रही हूं। भले ही आने वाले समय में कई लोग उनकी तरह गाने की कोशिश करें, लेकिन उनकी पहचान और उनका अंदाज हमेशा अलग ही रहेगा, जिसे दोहराया नहीं जा सकता।''

वहीं, अंकिता प्रधान ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, ''आशा जी के जाने का दुख शब्दों में बयान करना आसान नहीं है। जब मैं अंतिम दर्शन के लिए पहुंचीं, तो मुझे ऐसा लगा जैसे आशा जी अभी भी वहीं मौजूद हैं, बस गहरी नींद में हों। उनकी आवाज और उनके गानों का चुलबुलापन, वह खास अंदाज, आज भी लोगों के दिलों में जिंदा है। उनके जैसा सिंगिंग स्टाइल किसी और सिंगर में देख पाना मुश्किल है, क्योंकि वह अपने आप में एक अलग पहचान थीं।''

अभिषेक कुमार ने भी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, ''यह दिन हिंदी सिनेमा और संगीत जगत के लिए किसी काले दिन से कम नहीं है। हम सभी उनकी आवाज सुनते हुए बड़े हुए हैं और उनके गानों से ही संगीत की समझ विकसित हुई है। आशा जी ने सिर्फ गाने नहीं गाए, बल्कि उन्होंने कई पीढ़ियों को संगीत की असली भावना सिखाई। उनके जाने से जो खालीपन आया है, उसे भर पाना बेहद मुश्किल होगा।''

गौरतलब है कि आशा भोसले का रविवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया था। वह 92 वर्ष की थीं और लंबे समय से उम्र संबंधी समस्याओं से जूझ रही थीं। उनके निधन की खबर सामने आते ही पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई। लोग सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   13 April 2026 5:11 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story