यूपी बोर्ड परीक्षा का ऐलान पांच फरवरी से होंगे इम्तिहान

यूपी बोर्ड परीक्षा का ऐलान पांच फरवरी से होंगे इम्तिहान
उत्तर प्रदेश बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं की तारीखों का एलान हो गया है। वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाएं पांच फरवरी से शुरू होकर 24 फरवरी को समाप्त होंगी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) के सचिव भगवती सिंह ने सोमवार देर शाम परीक्षा कार्यक्रम जारी किया।

प्रयागराज, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं की तारीखों का एलान हो गया है। वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाएं पांच फरवरी से शुरू होकर 24 फरवरी को समाप्त होंगी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) के सचिव भगवती सिंह ने सोमवार देर शाम परीक्षा कार्यक्रम जारी किया।

डेटशीट जारी होने के बाद अब परीक्षार्थियों को अपनी तैयारी और परीक्षा की रणनीति बनाने में मदद मिलेगी। परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर समय-सारिणी देख सकते हैं। बोर्ड की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जाएंगी।

पहली पाली सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी। परीक्षाओं की शुरुआत पांच फरवरी को हिंदी विषय से होगी। पहली पाली में हाईस्कूल की हिंदी और प्रारंभिक हिंदी की परीक्षा आयोजित की जाएगी, जबकि दूसरी पाली में इंटरमीडिएट के हिंदी और सामान्य हिंदी विषयों का पेपर होगा।

हाईस्कूल की परीक्षाओं में आठ फरवरी को पहली पाली में सामाजिक विज्ञान, नौ फरवरी को एनसीसी और 10 फरवरी को अंग्रेजी की परीक्षा होगी। 12 फरवरी को गृह विज्ञान, 13 फरवरी को गणित और 15 फरवरी को संस्कृत का पेपर निर्धारित है। इसके बाद 17 फरवरी को विज्ञान, 18 फरवरी को कंप्यूटर, 19 फरवरी को वाणिज्य और 20 फरवरी को उर्दू की परीक्षा होगी।

22 फरवरी को चित्रकला और रंजनकला, जबकि 24 फरवरी को कृषि विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में आठ फरवरी को अंग्रेजी, नौ फरवरी को नागरिक शास्त्र और 11 फरवरी को इतिहास का पेपर होगा। 12 फरवरी को जीव विज्ञान और गणित, 13 फरवरी को अर्थशास्त्र तथा 15 फरवरी को रसायन विज्ञान और समाजशास्त्र की परीक्षा निर्धारित की गई है।

इसके अलावा 16 फरवरी को भूगोल, 17 फरवरी को भौतिक विज्ञान और सैन्य विज्ञान, 18 फरवरी को चित्रकला और रंजनकला, 19 फरवरी को मानव विज्ञान तथा 20 फरवरी को मनोविज्ञान, शिक्षाशास्त्र और तर्कशास्त्र की परीक्षा होगी। 22 फरवरी को व्यवसाय अध्ययन और गृह विज्ञान, 23 फरवरी को लेखाशास्त्र तथा 24 फरवरी को संस्कृत का पेपर आयोजित किया जाएगा।

यूपी बोर्ड ने परीक्षाओं को नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी और उड़नदस्तों की तैनाती की जाएगी।

परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे। परीक्षा कार्यक्रम जारी होने के साथ ही विद्यार्थियों के पास विषयवार तैयारी की योजना बनाने का अवसर है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 24 फरवरी को समाप्त होंगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   12 Oct 2026 9:02 PM IST

Tags

Next Story