यूपी की मौजूदा स्वास्थ्य व्यवस्था सपा सरकार से बेहतर असीम अरुण

यूपी की मौजूदा स्वास्थ्य व्यवस्था सपा सरकार से बेहतर असीम अरुण
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री असीम अरुण ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के स्वास्थ्य संबंधी बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि यूपी की मौजूदा स्वास्थ्य व्यवस्था उनकी सरकार की तुलना में बेहतर है।

लखनऊ, 7 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री असीम अरुण ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के स्वास्थ्य संबंधी बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि यूपी की मौजूदा स्वास्थ्य व्यवस्था उनकी सरकार की तुलना में बेहतर है।

लखनऊ में आईएएनएस से बातचीत में मंत्री असीम अरुण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। लोगों को सस्ती दवाइयां उपलब्ध कराने और जेनरिक दवाइयों की व्यवस्था करने के साथ ही आयुष्मान कार्ड के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिया जा रहा है। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं तेजी से आगे बढ़ी हैं। हमारी सरकार सभी वर्गों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर योजनाओं को धरातल पर उतार रही है, हम लोग जाति देखकर योजनाएं नहीं लाते हैं।

उन्होंने कहा कि लोगों को इलाज की सुविधा देने के लिए गांवों में आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाए गए हैं। हमारे युवा प्रोफेशनल, जो आधुनिक तकनीक से लैस हैं, वहां सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) के तौर पर काम कर रहे हैं। एक जिला, एक मेडिकल कॉलेज के विजन को पूरा किया है और जिला अस्पतालों को मजबूत किया गया है। आयुष्मान कार्ड के जरिए बड़ी संख्या में परिवारों को 5 लाख रुपए तक का मेडिकल कवरेज दिया गया है।

असीम अरुण ने कहा कि काशी और गोरखपुर का विकास सभी के सामने है और पूरे उत्तर प्रदेश में भी विकास के कार्य तेजी से हो रहे हैं। जब विकास की बात आती है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे देश का विकास किया है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे उत्तर प्रदेश का विकास किया है। 2014 से पहले की काशी और आज की काशी में बहुत अंतर है।

भगवान बुद्ध का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हर कोई जानता है कि भगवान बुद्ध के प्रति अखिलेश यादव का प्रेम कितना खोखला और हास्यास्पद है। महामाया नगर नाम का एक जिला, जिसे आपने विभाजित करके खत्म कर दिया। भगवान बुद्ध की माता का अपमान क्यों किया। जनता ने जब अखिलेश यादव को नकार दिया है तो उन्हें अब बुद्ध की याद आई है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बुद्ध सर्किट को मजबूत करने के लिए 4,200 करोड़ रुपए की योजना पर लगातार काम किया जा रहा है। कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनकर तैयार है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 Sept 2026 8:29 PM IST

Tags

Next Story